Page Loader
अलमारी में रखे पुराने कपड़ों से बनाएं घर की सजावट का सामान, कोना-कोना लगेगा कलात्मक

अलमारी में रखे पुराने कपड़ों से बनाएं घर की सजावट का सामान, कोना-कोना लगेगा कलात्मक

लेखन सयाली
May 02, 2025
03:24 pm

क्या है खबर?

हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका घर खूबसूरत दिखे और उसमें शाही स्पर्श जुड़ जाए। हालांकि, इसके लिए हजारों-लाखों रुपये खर्च करना बिलकुल भी जरूरी नहीं होता है। आप अपनी अलमारी में रखे पुराने कपड़ों का इस्तेमाल करके भी घर की सजावट कर सकते हैं। भारतीय प्रिंट और डिजाइन वाले कपड़े आपके घर को एक कलात्मक रूप दे देंगे और हर कोने को सुंदर भी बना देंगे। जानिए आप कपड़ों से कौन-सा सजावट का सामान बना सकते हैं।

#1

तकिए के कवर बनाएं

सिल्क की साड़ियों को फेकने के बजाय आप उनसे बेहद सुंदर तकिए के कवर बना सकते हैं। अलग-अलग पैटर्न और रंग वाली साड़ियों के चौकोर टुकड़े काट लें। सिलाई मशीन का इस्तेमाल करके पहले 2 टुकड़ों को सिलें, फिर 4 को एक साथ जोड़ दें। अब 4-4 टुकड़ों को जोड़कर बनाए गए 2 भागों को एक साथ सिलें और तकिया पर चढ़ाकर कच्ची सिलाई कर दें। इस तरह के कवर चढ़ाने से घर में राजस्थानी और बनारसी स्पर्श जुड़ जाएगा।

#2

कपड़ों को फ्रेम करें

घर की सजावट के लिए फोटो फ्रेम तो सभी लगाते हैं। हालांकि, काफी कम लोग होते हैं, जो पुराने कपड़ों को फ्रेम करके घर की शोभा बढ़ाने का सोच पाते हैं। इसके लिए आप किसी पुश्तैनी शॉल या दुप्पटे का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आपको बड़ा फ्रेम लगाना है तो शॉल को बिना कटवाए ही फ्रेम करवा लें। छोटे फ्रेम में शॉल के टुकड़े करके लगाएं और उनके पैटर्न को कलात्मक रूप से दीवार पर व्यवस्थित करें।

#3

लैंप की शोभा बढ़ाएं

घर को एक विंटेज लुक देने के लिए उसमें लैंप रखना सही निर्णय होता है। हालांकि, आप उसे और आकर्षक बनाने के लिए उसपर सिल्क की साड़ी या दुपट्टे आदि का कवर चढ़ा सकते हैं। लैंप शेड बनाना बेहद आसान होता है और उसके जरिए लैंप का रंग भी बदल जाता है। इसके लिए कपड़े को लैंप के आकार के मुताबिक काटें और उसे ग्लू की मदद से लैंप पर चिपका दें।

#4

दीवार की सजावट का सामान तैयार करें

अगर आपके कमरे की कोई भी दीवार बेरंग और खाली लग रही है तो उसपर कपड़ों से बना सजावट का सामान टांग दें। इसके लिए पुरानी कुर्तियों को चौकोर या त्रिकोण टुकड़ों में काट लें। इनके किनारों पर एक रंग की लेस लगा दें या दफ्ती चिपकाकर फ्रेम बना लें। इन्हें अपनी पसंद के अनुसार दीवार पर लटकाएं, जिससे एक पारंपरिक और कलात्मक लुक मिल जाएगा। आप चाहें तो पुरानी शौल को ऐसे ही दीवार पर टांग सकते हैं।