इस साल की गर्मियों में ये जेवर रहेंगे बेहद मशहूर, अपने श्रृंगार में जरूर करें शामिल
क्या है खबर?
महिलाओं के श्रृंगार का सबसे अहम हिस्सा जेवर होते हैं, जो किसी भी लुक को निखार देते हैं। हालांकि, हर साल किसी भी अन्य फैशन ट्रेंड की तरह आभूषणों के रुझान भी बदल जाते हैं।
इस साल गर्मी के मौसम में महिलाओं के बीच कई अनोखे जेवर प्रसिद्ध हो रहे हैं, जिन्हें पहनकर आप भी बेहद आकर्षक दिखेंगी।
इनमें मोटे कड़ों से लेकर पेंडेंट नेकलेस तक, कई सुंदर आभूषण शामिल हैं।
#1
मोटे कड़े
आम तौर पर महिलाएं हाथों को सुंदर दिखाने के लिए ब्रेसलेट या घड़ी पहनती हैं। हालांकि, इस साल की गर्मियों में मोटे और बड़े आकार वाले कड़े बेहद मशहूर हो रहे हैं।
इन्हें चंकी ब्रेसलेट भी कहा जाता है, जो ज्यादतर सिल्वर या गोल्डन रंग में बनते हैं। आप अपनी पसंद के धातु वाले मोटे कड़े चुन सकती हैं।
इन दिनों महिलाएं मोटे कड़ों को लेयर करना भी पसंद करती हैं, क्योंकि उनसे हाथ भरा-भरा दिखाई देता है।
#2
रत्नों वाली अंगूठियां
अब केवल गोल्डन या सिल्वर रंग वाली अंगूठियां पहनने का चलन धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। इनके बजाय महिलाएं अलग-अलग प्रकार के नग और रत्नों वाली अंगूठियां पहनना पसंद कर रही हैं।
अगर आपका बजट ज्यादा है तो आप पन्ना, हीरे, नीलाम या माणिक वाली अंगूठी बनवा सकती हैं। वहीं, कम बजट में भी आप बेहद खूबसूरत और रंगीन नकली रत्नों वाली अंगूठियां खरीद सकती हैं।
एक हाथ में कई सारी अंगूठियां पहनें और शानदार लुक पाएं।
#3
ब्रोच
इस साल जो जेवर या एक्सेसरी सबसे ज्यादा चर्चा में हैं वह है ब्रोच। यह एक ऐसा आभूषण होता है, जिसे पिन की मदद से कपड़ों पर लगाया जाता है।
यह कई अलग-अलग डिजाइन में उपलब्ध रहता है और हर आउटफिट में चार चांद लगाने का काम करता है।
पारंपरिक आकार वाले ब्रोच की जगह पर आप मॉडर्न आकारों का चुनाव कर सकती हैं, जैसे टियर ड्राप या जोमेट्रिक आकार आदि।
#4
मिश्रित धातुओं वाले जेवर
वैसे तो महिलाएं एक तरह की धातु वाले जेवरों को एक साथ पहनना पसंद करती हैं। हालांकि, इस साल की गर्मियों में इस ट्रेंड को बदला जा रहा है।
दरअसल, कई महिलाएं गोल्डन, सिल्वर, रोज गोल्ड और ब्रोंज जैसे अलग-अलग रंगों या धातुओं वाले जेवरों को एक साथ पेयर करके नया लुक आजमा रही हैं।
आप इस लुक के लिए गोल्डन बालियों के साथ सिल्वर रंग का पेंडेंट नेकलेस और रोज गोल्ड रंग की अंगूठियां स्टाइल कर सकती हैं।
#5
पेंडेंट वाले नेकलेस
पेंडेंट वाले नेकलेस एक सदाबहार जेवर हैं, जिन्हें हर तरह के कपड़ों के साथ स्टाइल किया जा सकता है।
हालांकि, इस साल की गर्मियों में छोटे आकार के पेंडेंट की तरह बड़े पेंडेंट प्रसिद्ध हो रहे हैं।
ये पेंडेंट वाले हार 2000 के दशक की याद दिलाते हैं, क्योंकि ये उस समय बहुत चलन में थे।
इस साल चेन की जगह काले रंग के धागे में से बने पेंडेंट नेकलेस सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।