Page Loader
ये 5 पक्षी मेहनत करके बनाते हैं सबसे सुंदर घोंसला, इनके बारे में जानिए

ये 5 पक्षी मेहनत करके बनाते हैं सबसे सुंदर घोंसला, इनके बारे में जानिए

लेखन सयाली
May 24, 2025
07:12 pm

क्या है खबर?

पक्षी अपने नन्हें-नन्हें पंखों और चोंच के जरिए छोटे-छोटे घोंसले बनाते हैं, जो उनका आशियाना होते हैं। जिस तरह हम सबको अपना-अपना घर सजाना पसंद होता है, उसी तरह कुछ पक्षियों को भी अपने घोंसले की सजावट करने का शौक होता है। ये पक्षी पत्तों, मिटटी और टहनियों को अपनी नन्हीं चोंच से उठाते हैं और मेहनत करके सुंदर घोंसला बनाते हैं। आइए आज ऐसे 5 पक्षियों के बारे में जानते हैं, जो सबसे सुंदर घोंसला बनाते हैं।

#1

गुंजन पक्षी

गुंजन पक्षी दुनिया की सबसे छोटी चिड़िया है, जिसे हमिंग बर्ड के नाम से भी जाना जाता है। ये पक्षी इतना सुंदर घोंसला बनाते हैं की वह बिलकुल किसी परी के घर जैसा लगता है। ये पक्षी कप के आकार के छोटे घोंसले बनाते हैं, जो आमतौर पर लगभग 1.5 इंच के होते हैं। ये मकड़ी के जाले, लाइकेन, काई और पौधों के रेशों से घोंसले का ढांचा तैयार करते हैं और उसे पत्तों, फूल और झाड़ियों से सजाते हैं।

#2

ओवन चिड़िया

ओवन चिड़िया को उसका नाम ही उसके घोंसला बनाने वाले कौशल के कारण मिला है। दरअसल, ये पक्षी गुंबद के आकार का घोंसला बनाते हैं, जिसमें एक बड़ा-सा गोल छेद होता है। यह घोंसला बहार से देखने पर बिलकुल किसी मिट्टी के ओवन जैसा लगता है। ये घोंसले सूखी पत्तियों, घास और अन्य वनस्पतियों से बनाए जाते हैं और बालों से ढके होते हैं। मादा ओवन चिड़िया ही घोंसले को रूप देती है और उसकी सजावट भी करती है।

#3

बुनकर

सभी पक्षी पेड़ों की टहनियों पर अपना घोंसला बनाते हैं, ताकि वह गिरे न। हालांकि, बुनकर चिड़िया एक सुंदर-सा लटकता हुआ घोंसला तैयार करती है, जो आसानी से टूटता नहीं है। ये बुद्धिमान पक्षी सूखी घास की मदद से लटकने वाला घोंसला बनाते हैं, जिसका प्रवेश द्वार नीचले हिस्से पर बना होता है। ये पक्षी इस तरह का घोंसला बेहद ऊंचाई पर इसलिए बनाते हैं, ताकि वे शिकारियों और अन्य पक्षियों से पूरी तरह सुरक्षित रहें।

#4

दर्जी पक्षी

जिस तरह कोई दर्जी धागों को पिरोकर पोशाक तैयार करता है, ठीक उसी तरह दर्जी पक्षी भी अपना घोंसला बनाता है। यह पक्षी पौधों के रेशों, मकड़ी के जालों या चुराए हुए धागे का उपयोग करके पत्तियों को एक साथ सिलता है। दर्जी पक्षी अपनी चोंच से पत्तियों में छोटे-छोटे छेद बनाते हैं और फिर उनमें रेशे डालकर कप के आकार का घोंसला बनाते हैं। ये चिड़िया बहुत ध्यान से पत्तों का चुनाव करती हैं, ताकि वे मजबूत बने रहें।

#5

फ्लेमिंगो

फ्लेमिंगो गुलाब रंग का पक्षी होता है, जिसकी गर्दन बेहद लंबी और S आकार की होती है। ये पक्षी ज्यादातर पानी के पास रहना पसंद करते हैं, जिस कारण ये समुद्र तट पर ही अपना घोंसला बना लेते हैं। एक बार अपना जीवन साथी ढूंढने के बाद फ्लेमिंगो मिलकर घोंसला बनाते हैं। मिट्टी का इस्तेमाल करके वे टीले जैसी संरचनाएं बनाते हैं, जो उनके अंडों को पानी से बचाकर रखती है।