Page Loader
शरारे में एक नया लुक पाना चाहती हैं? इस परिधान के साथ ये टॉप्स पहनकर देखें

शरारे में एक नया लुक पाना चाहती हैं? इस परिधान के साथ ये टॉप्स पहनकर देखें

लेखन सयाली
May 30, 2025
09:17 pm

क्या है खबर?

शरारा एक पारंपरिक परिधान है, जिसे महिलाएं शादी और त्योहार जैसे खास मौकों पर पहनती हैं। इसमें चौड़ी पैंट होती है, जिसपर कढ़ाई का काम किया जाता है। यह अपनी फ्लोई और स्कर्ट जैसी बनावट के लिए जाना जाता है और इसे अक्सर छोटी या लंबी कुर्ती के साथ पहना जाता है। हालांकि, आप शरारे के साथ कई अलग-अलग डिजाइन वाले टॉप भी पहन सकती हैं। आज के फैशन टिप्स में जानिए यह परिधान किन टॉप्स के साथ जंचता है।

#1

पेप्लम टॉप

पेप्लम टॉप एक फ्लोई टॉप होता है, जो कमर से कसा होता है और उसके नीचे रफल लगी होती हैं। शरारे के साथ इस डिजाइन वाले टॉप शानदार लगते हैं, क्योंकि ये कमर को पतला दिखाते हैं। अगर आप इस टॉप का चुनाव करती हैं तो आपको कर्वी लुक मिलेगा और आप बाकि सभी महिलाओं से अलग भी दिखेंगी। आप सिल्क के कपड़े से बना पेप्लम टॉप चुन सकती हैं या गलाबंद नेकलाइन वाले विकल्प को भी अपना सकती हैं।

#2

शार्ट कुर्ती

इन दिनों शरारों के साथ ज्यादातर महिलाएं शार्ट कुर्तियां पहनना ही पसंद करती हैं। यह इस परिधान को स्टाइल करना का सबसे आसान तरीका है, जिसमें ज्यादा दिमाग नहीं लगाना पड़ता है। आप स्लीवलेस या पतली पट्टियों वाली शार्ट कुर्ती के साथ शरारे को पहनकर ट्रेंडी और मॉडर्न लुक पा सकती हैं। वहीं, आप कुर्ती की बाजुओं को लंबा या आधा भी रखवा सकती हैं। इन दिनों बैकलेस शार्ट कुर्तियां बेहद चलन में हैं, जो शरारे के साथ अच्छी लगेंगी।

#3

क्रॉप टॉप या ब्लाउज

अगर आपको पारंपरिक लुक के बजाय एक इंडो-वेस्टर्न लुक चाहिए तो आप शरारे के साथ क्रॉप टॉप भी पहन सकती हैं। यह आउटफिट शादी में पहनने के लिए बढ़िया रहेगा, क्योंकि इसमें आप सबसे अलग दिखाई देंगी। शरारे और क्रॉप टॉप या ब्लाउज के बीच थोड़ा गैप रखें, जिससे आपका पेट नजर आए और आप लंबी भी दिखाई दें। इस आउटफिट की शोभा बढ़ाने के लिए आप इसके ऊपर एक लंबा श्रग भी लेयर कर सकती हैं।

#4

लंबी कुर्ती

अगर आपको पारंपरिक कपड़ों के साथ छेद-छाड़ करना पसंद नहीं हैं तो आपको लंबी कुर्ती का विकल्प ही चुनना चाहिए। इस परिधान के साथ पहने जाने पर शरारे की सादगी बरकरार रहेगी और वह पूरी तरह से पारंपरिक भी नजर आएगा। आप जटिल कढ़ाई वाली लंबी कुर्ती पहन सकती हैं, जो शरारे के साथ मिलकर आपको एक शाही लुक प्रदान कर सके। यह लुक खास तौर से मुस्लिम महिलाओं पर खूब जंचता है।