Page Loader
स्वस्थ त्वचा के लिए घर पर बनाएं चार तरह के कीवी फेसपैक

स्वस्थ त्वचा के लिए घर पर बनाएं चार तरह के कीवी फेसपैक

लेखन अंजली
Aug 16, 2020
06:45 am

क्या है खबर?

कीवी कई ऐसे पोषक गुणों से समृद्ध होती है जो शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी है। शायद यहीं वजह है कि इसे विश्वभर में इतनी प्रसिद्धि मिली हुई है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि इसका इस्तेमाल त्वचा के लिए कीवी फेसपैक के रूप में भी किया जा सकता है। इसलिए आज हम आपको कीवी से कुछ फेसपैक बनाने के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके इस्तेमाल से आप स्वस्थ त्वचा पा सकते हैं। आइये जानें।

#1

योगर्ट और कीवी का फेसपैक

सामग्री: एक कीवी का गूदा और एक बड़ा चम्मच योगर्ट। फेसपैक बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले एक कटोरी में कीवी का गूदा और योगर्ट डालकर अच्छी तरह से मिला लें। फिर इस मिश्रण को समान रूप से अपनी गर्दन और चेहरे पर लगाकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें। अंत में त्वचा को माइल्ड फेसवॉश समेत गुनगुने पानी से धोकर तौलिये से टैप-टैप करके सूखा लें।

#2

कीवी और बादाम का फेसपैक

सामग्री: एक कीवी, तीन-चार बादाम और एक चम्मच बेसन। फेसपैक बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: बादाम को रातभर के लिए पानी में भिगो दें। फिर अगले दिन बादाम, बेसन और कीवी के गूदे को निकालकर ब्लेंडर में डालें और अच्छे से ब्लेंड करके उसका पेस्ट बना लें। इसके बाद इस फेसपैक को चेहरे और गर्दन पर लगाएं। 15-20 मिनट के लिए इसे त्वचा पर लगा रहने दें। अंत में त्वचा को गुनगुने पानी से धो लें।

#3

कीवी और केले का फेसपैक

सामग्री: एक कीवी, एक बड़ा चम्मच मसला हुआ केला और एक बड़ा चम्मच योगर्ट। फेसपैक बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले कटोरी में कीवी के गूदे को मैश करके केले के साथ मिलाएं। फिर इस मिश्रण में योगर्ट डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद इसे अपने चेहरे और गर्दन पर अच्छी तरह से लगाएं। लगभग 20-30 मिनट तक इसके सूखने का इंतजार करें। अंत में ताजे पानी से त्वचा को धो लें।

#4

एवोकाडो और कीवी का फेसपैक

सामग्री: एक कीवी, एक एवोकाडो और एक चम्मच शहद (वैकल्पिक)। फेसपैक बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले कीवी और एवोकाडो के गूदे को निकालकर एक ब्लेंडर में डालें और उसे अच्छे से ब्लेंड कर दें। फिर एक कटोरी में इस मिश्रण को डालकर उसमें शहद मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद गुनगुने पानी से चेहरे को धो लें।