Loading...
"आपका गुस्साभरा चेहरा उनके लिए कंटेंट", दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए मिले दिशानिर्देश
जंतर मंतर पर प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए दिशानिर्देश मिले हैं

"आपका गुस्साभरा चेहरा उनके लिए कंटेंट", दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए मिले दिशानिर्देश

लेखन आबिद खान
Aug 23, 2026
02:51 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। तब पुलिसिया कार्रवाई के कई वीडियो वायरल हुए थे। इसके बाद पुलिस विभाग ने सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर दिशानिर्देश जारी किए हैं। इनमें खासतौर पर युवा प्रदर्शनकारियों से निपटने को लेकर कई निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया के दौर में हर जगह पर कैमरे की उपस्थिति को लेकर भी सतर्क रहने को कहा गया है।

रिपोर्ट

पुलिस को निर्देश- प्रदर्शनकारियों से न उलझें

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस कर्मियों को प्रदर्शनकारियों से उलझने या उनके सवालों या भावनात्मक अपीलों का जवाब न देने के लिए कहा गया है।

पुलिस को कहा गया है, "आपका गुस्से वाला चेहरा ही उनके लिए कंटेंट है। वे आपसे लड़ नहीं रहे हैं। वे एक फिल्म बना रहे हैं जिसमें वे चाहते हैं कि आप खलनायक की भूमिका निभाएं। आप उस भूमिका को अस्वीकार करें।"

प्रतिक्रिया

प्रदर्शनकारियों की चालों में न फंसे

नए निर्देशों में दिल्ली पुलिस कर्मियों को चेतावनी दी गई है कि वे सहानुभूति, क्रोध या यहां तक ​​कि सामान्य प्रतिक्रिया उत्पन्न करने के लिए भी प्रदर्शनकारियों की चालों में न फंसें।

निर्देशों में कहा गया है, "प्रदर्शनकारी जोर-जोर से रो सकते हैं, कर्मियों के पैरों में गिर सकते हैं, या सहानुभूति या क्रोध उत्पन्न करने के उद्देश्य से प्रश्न पूछ सकते हैं, जैसे कि पारिवारिक पृष्ठभूमि या वेतन संबंधी मुद्दे।"

ADVERTISEMENT

शांत

पुलिसकर्मियों को ज्यादातर मौकों पर शांत रहने के निर्देश

पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे न तो चिल्लाएं, न ही किसी का सामान छीनें और न ही बहस में उलझें।

इसके बजाय, उन्हें शांत रहकर 'कृपया सहयोग करें, हम अपना कर्तव्य निभा रहे हैं' जैसे वाक्यों का इस्तेमाल करने को कहा गया है।

दिशानिर्देशों में यह भी कहा गया है कि आजकल हर जगह कैमरों की नजर रहती है, ऐसे में शांत रहने से विवादास्पद वीडियो वायरल होने से बचा जा सकता है।

ADVERTISEMENT

प्रदर्शनकारी

निर्देशों में कहा गया- प्रदर्शनकारी चाय या फूल दे सकते हैं

रिपोर्ट के मुताबिक, निर्देशों में यह भी बताया गया है कि प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों को फूल, मिठाई, पानी की बोतलें या चाय दे सकते हैं। अगर गुस्से में वे उन्हें लेने से मना करेंगे तो कैमरे में कैद प्रतिक्रिया से ऑनलाइन चर्चा हो सकती है।

पुलिसवालों से कहा गया है कि या तो वे ऐसे अनुरोधों को प्यार से मान लें या इनकार कर दें।

पुलिसकर्मियों को चेहरे के हाव-भाव और बॉडी लैंग्वेज को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं।

ADVERTISEMENT