एयर इंडिया की शिकागो वापस लौटी उड़ान के शौचालय क्यों हुए थे जाम? सामने आया कारण
क्या है खबर?
अमेरिका के शिकागो से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान को शौचालयों में आई खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा था।
उसके बाद से सभी के मन में सवाल था कि ये शौचालय जाम कैसे हुए। अब इसका कारण सामने आ गया है। खुद एयर इंडिया ने इसका खुलासा किया है।
एयरलाइन कंपनी ने बताया है कि शॉचालयों में पॉलीथीन बैग, चिथड़े और कपड़े जैसी चीजें बहाने के कारण वह जाम हो गए थे। आइए पूरा मामला जानते हैं।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
गत 5 मार्च को एयर इंडिया की उड़ान AI126 ने शिकागो से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। पौने 2 घंटे बाद 12 में से 8 शौचालयों में पानी भर गया और वे बंद हो गए।
विमान में बिजनेस क्लास के 4 शौचालय काम कर रहे थे। इसका पता चलने पर उड़ान में सवार 300 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद चालक दल के सदस्यों ने यात्रियों की सुविधा के लिए विमान को वापस शिकागो ले जाने का फैसला किया।
कारण
क्यों जाम हुए विमान के शौचालय?
एयर इंडिया के प्रवक्ता द्वारा जारी बयान में कहा गया है, "हम यह पुष्टि करना चाहते हैं कि घटना की जांच के दौरान हमारी टीम को प्लास्टिक की थैलियां, कपड़े के चिथड़े और अन्य टुकड़े मिले थे, जिन्हें यात्रियों द्वारा पानी में बहा दिया गया था और वो शौचालय के पाइप में फंस गए थे। इसके कारण शौचालय अनुपयोगी हो गए थे।"
उन्होंने कहा, "हम उन यात्रियों के साथ पूरी सहानुभूति रखते हैं जिन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा।"
जानकारी
पहले आई थी 11 शौचालय खराब होने की खबर
इससे पहले सोशल मीडिया पर 12 में से 11 शौचालयों खराब होने की खबर आई थी और विमान को 5 घंटे बाद वापस शिकागो ले जाने की बात कही थी, लेकिन अब एयरलाइंस कंपनी ने जांच के बाद पूरी स्थिति को स्पष्ट कर दिया है।
वापसी
विमान को शिकागो ही वापस क्यों ले जाया गया?
प्रवक्ता ने कहा, "घटना के समय विमान अटलांटिक महासागर के ऊपर से उड़ रहा था और यूरोप के कुछ स्थानों को संभावित शहरों के रूप में छोड़ रहा था। हालांकि, अधिकांश यूरोपीय हवाई अड्डों पर रात्रिकालीन परिचालन पर प्रतिबंध होने के कारण विमान को वापस शिकागो की ओर मोड़ने का निर्णय लिया गया था।"
उन्होंने कहा, "विमान को मोड़ने का निर्णय पूरी तरह से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के हित में लिया गया था।"
अपील
एयर इंडिया ने यात्रियों से की खास अपील?
प्रवक्ता ने कहा, "हमारी टीमों को पहले भी अन्य उड़ानों के शौचालयों में फेंके गए अन्य कचरे के अलावा कंबल, इनरवियर और डायपर जैसी वस्तुएं मिली हैं। हम इस अवसर पर यात्रियों से आग्रह करते हैं कि वे शौचालयों का उपयोग केवल उन्हीं उद्देश्यों के लिए करें, जिनके लिए वे बने हैं। यात्रियों का सहयोग यात्रा को आरामदायक और सुविधाजनक बनाने के लिए बहुत ही आवश्यक है।"
बता दें कि इस घटना की सोशल मीडिया पर जमकर निंदा हुई है।
स्थिति
तस्वीरों में सामने आई भयावह स्थिति
NDTV के हाथ लगी तस्वीरों में काफी भयावह स्थिति नजर आई है। एक तस्वीर में विमान की शौचालय प्रणाली से जुड़ी एक ट्यूब से एक बड़ा कपड़ा हटाते हुए दिखाया गया है।
दूसरी तस्वीर में विमान के एक शौचालय में बहाए गए प्लास्टिक कचरे को निकालते हुए दिखाया गया है।
तीसरी तस्वीर में विमान की पाइपिंग ट्यूब से पूरा कम्बल बाहर निकाला जा रहा है, जबकि अन्य में एक ट्यूब में कपड़े का एक टुकड़ा दिखाया गया है।