LOADING...
लखपति दीदी योजना क्या है और कैसे इससे करोड़ों महिलाओं को हो रहा फायदा?
निर्मला सीतारमण ने लखपति दीदी योजना का दायरा बढ़ाने का ऐलान किया

लखपति दीदी योजना क्या है और कैसे इससे करोड़ों महिलाओं को हो रहा फायदा?

लेखन महिमा
Feb 01, 2024
05:16 pm

क्या है खबर?

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को अंतरिम बजट पेश किया और कई महिला केंद्रित योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसी दौरान उन्होंने घोषणा की कि लखपति दीदी योजना के लाभार्थियों की संख्या को 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक करोड़ महिलाएं पहले ही इस योजना के तहत लखपति बन चुकी हैं। आइए जानते हैं कि लखपति दीदी योजना क्या है और कैसे महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है।

योजना

क्या है लखपति दीदी योजना?

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार यह योजना लेकर आई थी। 15 अगस्त, 2023 को स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना का जिक्र किया था। इस योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशिक्षित करना और उन्हें प्रति परिवार कम से कम एक लाख रुपये प्रति वर्ष की आय कमाने में मदद करने के लिए कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना है।

आत्मनिर्भर 

योजना के तहत महिलाओं को कैसे बनाया जा रहा आत्मनिर्भर?

इस योजना में आत्मनिर्भरता बनाने के लिए महिलाओं का प्लंबिंग, ड्रोन्स का संचालन और LED बल्ब बनाने जैसे काम सिखाये जाते हैं, ताकि वे रोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें। महिलाओं को प्रोतसाहित किया जाता है कि वह डिजिटल बैंकिंग सेवाओं, मोबाइल वॉलेट और अन्य डिजिटल मंचों का उपयोग करना सीखें। उन्हें दैनिक बचत के लिए प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक लाभ भी दिए जाते हैं।

चयन

योजना के लिए कैसे चुनी जाती हैं महिलाएं?

इस योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उन महिलाओं को चुना जाता है, जिनकी आय बेहद कम होती है। इन महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त कर्ज दिया जाता है। इसके बाद उन्हें उत्पादों को बाजार की मांग के मुताबिक बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। इसके साथ ही विभिन्न अवसरों और जगहों पर इन उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित की जाती है, ताकि उनकी सालाना आय एक लाख या इससे अधिक हो सके।

आवेदन 

महिलाएं इस योजना के लिए कैसे आवेदन कर सकती हैं?

इस योजना के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और वहां लखपति दीदी टैब पर क्लिक करें। इसके बाद आवश्यक जानकारी भरें और फिर फॉर्म जमा कर दें। ऑफलाइन आवेदन के लिए अपने क्षेत्र के संबंधित कार्यालय जाकर आवेदन फॉर्म लें और उसमें आवश्यक जानकारी भरकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्म जमा करें।

जानकारी

आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है?

लखपति दीदी योजना की आयु सीमा 18 से 50 साल रखी गई है। इसका लाभ उठाने के लिए महिलाओं को आधार कार्ड, पैन कार्ड, आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, बैंक खाते का विवरण, पंजीकृत मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ जमा करने होते हैं।

दायरा

योजना के दायरे में कितनी महिलाएं?

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बताया कि लखपति दीदी योजना से 9 करोड़ महिलाओं के जीवन में बदलाव लाया है और वह आत्मनिर्भर हुई हैं। दरअसल, देश में करीब 83 लाख महिला स्वयं सहायता समूह हैं और इन समूहों से करीब 9 करोड़ महिलाएं जुड़ी हुई हैं। योजना के तहत सरकार इन्हीं 9 करोड़ महिलाओं की आय को बढ़ाकर उन्हें वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश में लगी हुई है और उन्हें प्रशिक्षण दे रही है।