वंदे भारत एक्सप्रेस में खाने में मिला कॉकरोच, यात्री ने की शिकायत
भारतीय रेलों में मिलने वाले खाने को लेकर यात्रियों की ओर से शिकायत अब भी आ रही हैं। ताजा मामला वंदे भारत एक्सप्रेस का है, जिसमें यात्री के खाने में कॉकरोच पाया गया। मध्य प्रदेश के भोपाल में डॉक्टर शुभेंदु केसरी ने एक्स पर अपनी शिकायत साझा की। उन्होंने रेलवे की शिकायत पुस्तिका में भी घटना का जिक्र किया है। उनके साथ यह वाकया 1 फरवरी को वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
डॉ शुभेंदु ने बताया कि वह 1 फरवरी को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से जबलपुर की यात्रा वंदे भारत से कर रहे थे। उन्होंने खाने का ऑर्डर टिकट के जरिए दे रखा था। जब उनके पास खाना पहुंचा तो उसमें आलू की सब्जी में मरा कॉकरोच दिखा। शुभेंदु ने खाने की तस्वीरें एक्स पर साझा की। इस पर भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (IRCTC) ने खेद जताया और संबंधित संस्था पर जुर्माने की बात कही है।
यात्री ने की शिकायत
पिछले साल भी वंदे भारत में यात्री को मिला था कॉकरोच
जुलाई, 2023 में भी भोपाल से ग्वालियर की यात्रा करने वाले यात्री को वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए खाने में कॉकरोच मिला था। यात्री ने इसकी तस्वीरें साझा की थी, जिसमें कॉकरोच पराठे में चिपका था। घटना के बाद सेवा में सुधार नहीं दिखा।