उत्तर प्रदेश: बाराबंकी के निजी स्कूल में सुबह प्रार्थना के समय छज्जा गिरा, 40 बच्चे घायल
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां के अवध एकेडमी स्कूल का छज्जा गिरने से 40 बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसा सुबह 8 बजे उस समय हुआ, जब बच्चे प्रार्थना के लिए इकट्ठा हुए थे। घायलों में 5 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बच्चों की चीख पुकार सुनकर स्कूल के आसपास रहने वाले लोग दौड़े। उन्होंने बच्चों को बचाया और पुलिस को सूचना दी।
छज्जे पर भार बढ़ने से हुआ हादसा
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल में 400 बच्चे पढ़ते हैं। कक्षाएं नीचे और ऊपर के पहली मंजिल पर चलती हैं। पहली मंजिल से नीचे आने के लिए छज्जे से होकर आना पड़ता है और यहीं बगल में सीढ़ी लगी है। बच्चे छज्जे पर थे, तभी भार बढ़ने से वह 15 फीट नीचे गिर गया। सभी बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्कूल प्रबंधन से पूछताछ चल रही है।