अयोध्या में नहीं निकलेगी भगवान राम की नई मूर्ति की शोभायात्रा, कार्यक्रम रद्द; जानें कारण
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन से पहले भगवान राम की नई मूर्ति की शोत्रायात्रा निकालने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह शोभायात्रा 17 जनवरी को पूरे अयोध्या में निकाली जानी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इसे रद्द कर दिया है।
यह निर्णय ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने काशी के आचार्यों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लिया है।
शोभायात्रा
परिसर के अंदर ही निकलेगी शोभायात्रा
हिंदुस्तान के मुताबिक, 16 जनवरी को सरयू तट पर ट्रस्ट की ओर से नियुक्त यजमान द्वारा प्रायश्चित अनुष्ठान के बाद 17 जनवरी को अयोध्या में शोभायात्रा निकाली जानी थी।
इससे भक्तों को प्राण प्रतिष्ठा और अभिषेक समारोह से पहले राम की नई मूर्ति की एक झलक देखने का मौका मिलता, लेकिन अब ट्रस्ट मंदिर परिसर के अंदर ही शोभायात्रा की व्यवस्था करेगा।
जिला प्रशासन के मुताबिक, शोभायात्रा में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता था।
तैयारी
22 जनवरी को उद्घाटन के लिए अयोध्या तैयार
राम मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी को है, जिसे लेकर अयोध्या में बड़ी तैयारी चल रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य यजमान होंगे। उद्घाटन में 25,000 लोग शामिल होंगे।
ट्रस्ट ने तमाम राजनीतिक दलों के लोगों को न्योता भेजा है। इसके अलावा उद्घाटन में देशभर के संत और अन्य उपासना पद्धति के गुरु भी शामिल होंगे।
मंदिर के शिखर पर लगने वाला 44 फीट लंबा ध्वज दंड अहमदाबाद से अयोध्या पहुंच गया है।