
केंद्रीय कर्मचारियों को मिला दिवाली का तोहफा, महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाया गया
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए राहत भर फैसला लिया गया है।
केंद्र सरकार ने दिवाली को देखते हुए सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 3 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला लिया है। इसका लाभ पेंशनरों को भी मिलेगा।
केंद्र के इस फैसले से अब बेसिक पे में महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। इसका काफी समय से इंतजार था।
भत्ता
लाखों कर्मचारियों को होगा फायदा
केंद्र सरकार साल में 2 बार जनवरी और जुलाई में महंगाई भत्ता बढ़ाती है, जिसे मार्च और अक्टूबर में लागू किया जाता है। हालांकि, यह लागू 1 जनवरी और 1 जुलाई से होता है, ऐसे में कर्मचारियों को 3 महीने का एरियर मिलता है।
मौजूदा समय में केंद्र में 52 लाख से अधिक कर्मचारी और 60 लाख से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। दिवाली को देखते हुए कर्मचारियों को थोड़ा अधिक महंगाई भत्ते की उम्मीद थी।
फैसला
छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में भी कर्मचारियों को फायदा
छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की सरकार ने भी राज्य कर्मचारियों को 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा की है। इससे राज्य कर्मचारियों को दिवाली पर काफी राहत मिलेगी।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश की सरकार ने प्रदेश कर्मचारियों के लिए बोनस की घोषणा की है। महाराष्ट्र सरकार ने भी सरकारी कर्मचारियों को आर्थिक राहत दी है।
अभी कई राज्यों में महंगाई भत्ता और बोनस का ऐलान होना बाकी है।