Page Loader
दिल्लीवासियों को आज बारिश से मिलेगी राहत, जानिए अन्य राज्यों के मौसम का हाल
दिल्ली में रविवार को बारिश से राहत मिलेगी (तस्वीर: एक्स/@Tabrez_saab)

दिल्लीवासियों को आज बारिश से मिलेगी राहत, जानिए अन्य राज्यों के मौसम का हाल

Sep 15, 2024
09:37 am

क्या है खबर?

दिल्ली के लोगों को भारी बारिश से हो रही परेशानी से जल्द निजात मिलने वाला है। मौसम विभाग ने मानसून की विदाई के संकेत दे दिए हैं। देश की राजधानी में शनिवार को बारिश का दौर जारी रहा, जो आज (15 सितंबर) से कम होने लगेगी और 19 से 25 सितंबर के बीच मानसून विदाई ले लेगा। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री का इजाफा हो सकता है। धूप निकलने से उसम और गर्मी लोगों को सताएगी।

पूर्वानुमान 

आज तापमान में होगा इजाफा 

राजधानी में शनिवार सुबह 9 बजे तक बारिश हुई और इसके बाद मौसम साफ हो गया। 12 बजे तक कई जगहों पर धूप निकलने लगी। इसके चलते अधिकतम तापमान 32.2-डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2-डिग्री कम है। दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान 21.2-डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4-डिग्री कम है। पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 23-डिग्री रह सकता है।

अलर्ट 

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी 

मानसून अब धीरे-धीरे पूर्वी बंगाल की खाड़ी के आस-पास के राज्यों के पास सिमटने लगा है। मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार के कई जिलों और उड़ीसा में रविवार को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। IMD ने इन 3 राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ झारखंड़, बंगाल और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों के लिए मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट और मणिपुर, त्रिपुरा और मिजोरम में येलो अलर्ट जारी किया।