थलापति विजय की बड़ी घोषणाएं: हर साल 3 गैस सिलेंडर मुफ्त, ट्रांसजेंडर की बस यात्रा फ्री
क्या है खबर?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय (थलापति विजय) ने सोमवार को विधानसभा में कई योजनाओं की घोषणा की है। अब 25 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले हर परिवार को हर साल 3 मुफ्त गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। इस योजना को 'अन्नपूर्णी सुपर सिक्स' नाम दिया गया है, जो पोंगल 2027 से लागू की जाएगी। इससे लगभग 13 लाख परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सिलेंडर की राशि सीधे बैंक खाते में जमा की जाएगी।
बस
महिलाओं को अब एक्सप्रेस और डीलक्स बसों में मुफ्त सफर
मुख्यमंत्री ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा भी की।
साथ ही महिलाओं के लिए 'वेट्री पयाना थिट्टम' योजना का दायरा बढ़ाया। इसके तहत, अब महिलाओं को न केवल साधारण बसों में बल्कि एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स सेवाओं में भी मुफ्त यात्रा करने की अनुमति होगी। महिलाओं को इसका फायदा अंतर-जिला बस सेवाओं पर भी मिलेगा।
विजय ने कहा, "महिलाओं की यात्रा की स्वतंत्रता उनकी आर्थिक स्वतंत्रता और उनके परिवारों की प्रगति की नींव है।"
बयान
विजय बोले- सिलेंडरों की कीमत ने परिवारों पर बोझ डाला
विजय ने कहा, "खाड़ी क्षेत्र में चल रही युद्ध की स्थिति के कारण गैस सिलेंडरों की कमी और बढ़ती कीमतों ने परिवारों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाला है। इसको ध्यान में रखते हुए, आर्थिक रूप से तंग हालात में भी, जनता पर वित्तीय बोझ कम करने, उनके कल्याण की रक्षा करने और जनता से किए गए वादे को पूरा करने के लिए, सरकार ने उन्हें गैस सिलेंडरों पर खर्च की गई राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।"
मुफ्त सफर
महिलाओं के लिए मुफ्त सफर योजना में अब क्या बदला?
मौजूदा मुफ्त यात्रा योजना के तहत, महानगरों और शहरी क्षेत्रों में साधारण और पहाड़ी मार्गों पर चलने वाली बसों में महिलाओं को केवल 40 किलोमीटर तक यात्रा करने की अनुमति थी।
वहीं, एक्सप्रेस, LSS, डीलक्स और उपनगरीय सेवाओं में यात्रा मुफ्त नहीं होती थी।
अब महिलाएं महानगरों और शहरी क्षेत्रों में चलने वाली एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स सरकारी बसों में और उपनगरीय और पहाड़ी क्षेत्रों में नियमित किराए वाली बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकती हैं।
हवाई अड्डा
चेन्नई में नहीं बनेगा दूसरा हवाई अड्डा
मुख्यमंत्री विजय ने यह भी कहा कि सरकार ने परंदूर में चेन्नई का दूसरा हवाई अड्डा बनाने की योजना को रद्द कर दिया है, क्योंकि इस परियोजना से कृषि भूमि प्रभावित होगी और किसानों और निवासियों की आजीविका बाधित होगी।
उन्होंने कहा, "चेन्नई की बढ़ती जरूरतों, औद्योगिक विकास और बढ़ते माल परिवहन को देखते हुए नए हवाई अड्डे की जरूरत है। हालांकि, यह ऐसी जगह पर होनी चाहिए, जहां कृषि भूमि और आवासीय क्षेत्रों पर कम से कम असर हो।"