Page Loader
तमिलनाडु: चेन्नई में DMK के 2 कार्यकर्ता महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार
तमिलनाडु में DMK के 2 कार्यकर्ता ने पार्टी की जनसभा में महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ की (प्रतीकात्मक तस्वीर)

तमिलनाडु: चेन्नई में DMK के 2 कार्यकर्ता महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Jan 04, 2023
04:16 pm

क्या है खबर?

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेंद्र कड़गम (DMK) के दो कार्यकर्ताओं को चेन्नई में पुलिस ने पार्टी की एक जनसभा के दौरान महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। पार्टी ने भी दोनों कार्यकर्ताओं को घटना के बाद पार्टी नियमों के खिलाफ कार्य करने और बदमानी के आरोप में निलंबित कर दिया है। दोनों कार्यकर्ता प्रवीण और इक्काबरम DMK युवा इकाई के सदस्य थे। इनको गिरफ्तार करते समय पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने विरोध भी किया था।

कार्रवाई

DMK उपमहासचिव कनिमोझी करुणानिधि की जनसभा में हुई थी घटना

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 31 दिसंबर, 2022 को विरुगाबक्क्म क्षेत्र में आयोजित DMK उपमहासचिव कनिमोझी करुणानिधि की जनसभा में हुई थी। इसमें स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रह्मनियम, सांसद थमिझाची थांगपांडियन भी शामिल थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर महिला कांस्टेबल ने अपनी शिकायत वापस ले ली है। लेकिन कार्यकर्ता अभी हिरासत में हैं। मामले में विपक्ष के नेताओं ने सरकार को घेरा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने कहा कि सरकार गहरी नींद में है।