
पहलवानों की महापंचायत: दिल्ली की सीमाओं पर कड़ी चौकसी, हिरासत में लिए गए कई पहलवान
क्या है खबर?
आज देश के नए संसद भवन का उद्घाटन हुआ है। इस मौके पर जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों ने नई संसद के सामने महिला महापंचायत करने का ऐलान किया है।
इसे लेकर पूरी दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पहलवानों के समर्थकों को दिल्ली में प्रवेश न करने देने के लिए सभी सीमाओं पर चौकसी बढ़ाई गई है। कई किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
सीमा
दिल्ली की सीमाएं सील
पहलवानों के समर्थन में हरियाणा और पंजाब से आने वाली खाप पंचायतों को रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं को करीब-करीब सील कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने ITO रोड, टिकरी बॉर्डर और सिंघू बॉर्डर क्षेत्र में बैरिकेड्स लगा दिए हैं। टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।
अंबाला बॉर्डर पर भी चौकसी बढ़ाई गई है। यहां पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के सदस्यों को रोके जाने की भी खबर है।
पहलवान
कई पहलवान हिरासत में लिए गए
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से नए संसद भवन की ओर कूच कर रहे कई पहलवानों को हिरासत में लिया है। इस दौरान पहलवानों और पुलिस में झड़प की भी खबर है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग कूदकर बृजभूषण के आवास की ओर कूच करने की कोशिश की।
किसान नेता राकेश टिकैत भी महापंचायत में शामिल होने के लिए यूपी गेट पहुंच गए हैं। गाजीपुर बॉर्डर पर भी किसानों और पुलिस के बीच झड़प हुई है।
मेट्रो
2 मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली मेट्रो के 2 स्टेशन- केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है। दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।
ट्वीट में कहा गया है कि दिल्ली मेट्रो रेल पुलिस के निर्देशों के मुताबिक केंद्रीय सचिवालय एवं उद्योग भवन स्टेशनों के प्रवेश एवं निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। इन दोनों स्टेशनों से यात्रियों की आवाजाही बंद रहेगी।
हालांकि, केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर यात्री ट्रेनें बदल सकेंगे।
हिरासत
कई किसान नेता हिरासत में
खबर है कि किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी को पुलिस ने आज सुबह गिरफ्तार कर लिया है। महिला सर्व जात सर्व खाप की राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष दहिया को घर में नजरबंद कर दिया गया है।
पुलिस ने किसान यूनियन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र डागर को भी हिरासत में लिया है।
मेरठ-करनाल हाईवे पर पुलिस ने दिल्ली जा रहे भारतीय किसान यूनियन के करीब 100 लोगों को रोका है। 30 गाड़ियों में सवार होकर ये लोग दिल्ली जा रहे थे।
बयान
हर हाल में होगी महिला महापंचायत- विनेश फोगाट
शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि महिला महापंचायत हल हाल में होगी।
उन्होंने कहा, "पुलिस ने पूरी दिल्ली को बंद कर दिया है लेकिन हम सभी से शांतिपूर्वक महिला सम्मान महापंचायत के लिए इकट्ठा होने का आग्रह करते हैं।"
विनेश ने सरकार पर समझौता करने और प्रदर्शन समाप्त करने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। इस दौरान वे फूट-फूट कर रोने भी लगीं।
धरना
क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं पहलवान?
बता दें कि पहलवान जंतर-मंतर पर 23 अप्रैल से धरने पर बैठे हैं। वे भारतीय कुश्ती संघ (WFI) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। दरअसल, एक नाबालिग समेत कई महिला पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।
दिल्ली पुलिस का विशेष जांच दल (SIT) इस मामले की जांच कर रही है। इसी मामले को लेकर जनवरी में भी पहलवान धरने पर बैठे थे।