
एस जयशंकर कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान और पश्चिमी देशों पर भड़के, बोले- आक्रमण को विवाद बनाया
क्या है खबर?
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित रायसीना डायलॉग 2025 में कश्मीर मामले को उठाया और पाकिस्तान समेत कुछ पश्चिमी देशों को निशाने पर लिया।
उन्होंने एक सत्र में कहा, "हम सभी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की बात करते हैं। यह एक महत्वपूर्ण सिद्धांत और वैश्विक नियमों का आधार है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद, किसी अन्य देश द्वारा किसी क्षेत्र पर सबसे लंबे समय तक अवैध कब्ज़ा कश्मीर में भारत से संबंधित है।"
निशाना
पश्चिमी देशों को लेकर क्या बोले जयशंकर?
जयशंकर ने आगे कहा, "हम संयुक्त राष्ट्र गए। जो आक्रमण था, उसे विवाद में बदल दिया गया। हमलावर और पीड़ित को बराबर रखा गया। दोषी पक्ष कौन थे? ब्रिटेन, कनाडा, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका? मुझे माफ़ करें, मेरे मन में पूरे विषय पर सवाल हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "आज राजनीतिक हस्तक्षेप की बात कर रहे हैं। जब पश्चिम दूसरे देशों में जाता है, तो लोकतांत्रिक स्वतंत्रता के लिए जाता है। जब दूसरे पश्चिम में आते हैं, तो इरादा दुर्भावनापूर्ण होता है।"
बयान
मजबूत संयुक्त राष्ट्र के लिए निष्पक्ष संयुक्त राष्ट्र की जरूरत- जयशंकर
जयशंकर ने आगे कहा, "अगर हमें व्यवस्था की जरूरत है, तो निष्पक्षता होनी चाहिए...हमें एक मजबूत संयुक्त राष्ट्र की जरूरत है, लेकिन एक मजबूत संयुक्त राष्ट्र के लिए निष्पक्ष संयुक्त राष्ट्र की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "एक मजबूत वैश्विक व्यवस्था में मानकों की कुछ बुनियादी स्थिरता होनी चाहिए। हमें एक अलग बातचीत की जरूरत है। हमें एक अलग व्यवस्था की जरूरत है।"
पाकिस्तान
पाकिस्तान को लेकर क्या बोले जयशंकर?
जयशंकर ने कहा, "हमें घरेलू व्यवस्था की तरह अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की जरूरत है। हमें व्यवस्था के महत्व को समझना चाहिए। मेरा मानना है कोई भी देश जो जोखिम उठाएगा, चरमपंथी रुख अपनाएगा, वह वास्तव में अव्यवस्था का फ़ायदा अपने फ़ायदे के लिए उठाएगा।"
उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा, "हमने अपने पड़ोस में देखा है जोखिम उठाने के लिए आपको बड़ा देश होने की ज़रूरत नहीं। हमारे कुछ छोटे पड़ोसियों ने इस मामले में बहुत अच्छा काम किया है।"
ट्विटर पोस्ट
एस जयशंकर का संबोधन
विदेश मंत्री एस जयशंकर का 'तीखा हमला'🔥
— ocean jain (@ocjain4) March 18, 2025
कश्मीर पर पाखंड के लिए अमेरिका, ब्रिटेन और पश्चिम की आलोचना की।
"संयुक्त राष्ट्र ने कश्मीर पर आक्रमण को विवाद में बदल दिया।"
"जब पश्चिम देशों पर आक्रमण करता है, तो यह लोकतंत्र के लिए होता है, लेकिन जब अन्य देश ऐसा करते हैं, तो यह गलत… pic.twitter.com/P2GdbxLzcB
जानकारी
क्या है रायसीना डायलॉग 2025?
नई दिल्ली में 3 दिवसीय रायसीना डायलॉग 2025 भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है। रायसीना डायलॉग का आयोजन विदेश मंत्रालय के साथ साझेदारी में अग्रणी थिंक टैंक ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ORF) द्वारा किया जा रहा है।