मणिपुर में 22 महीने बाद फिर से खुले प्रमुख मार्ग, कांगपोकपी में हुई हिंसक झड़प
क्या है खबर?
मणिपुर में लगभग 2 सालों से जारी हिंसा के बाद शनिवार को सरकार ने सभी मार्गों पर सार्वजनिक यातायात बहाल कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इम्फाल से कांगपोकपी जिले के रास्ते सेनापति और इम्फाल से बिष्णुपुर के रास्ते चुराचांदपुर तक बस सेवाएं दोबारा शुरू हो गई हैं। इसी तरह मैतेई और कुकी बहुल क्षेत्रों के बीच भी लोगों का आवागमन शुरू हो गया है।
हालांकि, कांगपोकपी ने प्रदर्शनकारियों ने एक बस पर हमला कर दिया। इससे स्थिति बिगड़ गई।
इंतजाम
सुरक्षा बलों ने किए विशेष इंतजाम
लोगों को सुरक्षित यात्रा की सुविधा के लिए सुरक्षा बलों ने पुलिस सुरक्षा और गश्त की व्यवस्था की है।
सुबह 9 बजे से सीमा सुरक्षा बल (BSF) की टुकड़ी ने मैतेई समुदाय के सदस्यों को इम्फाल हवाई अड्डे से कांगपोकपी के रास्ते सेनापति तक पहुंचाना शुरू कर दिया।
इसी तरह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की सुरक्षा टुकड़ी ने इम्फाल हवाई अड्डे और चुराचांदपुर के बीच लोगों का सुरक्षित आवागमन शुरू कराया है।
झड़प
कांगपोकपी में बस में लगाई गई आग
इधर, मुक्त आवागमन का विरोध करने के लिए प्रदर्शनकारियों ने कांगपोकपी में बैरिकेड्स लगाकर सड़कों पर पत्थर बिछा दिए। इसके बाद मणिपुर राज्य परिवहन की एक बस पर हमला कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने बस पर पथराव किया। इसके बाद बस के साथ गए सुरक्षा बलों के जवानों ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। इसमें दर्जनों लोग घायल हो गए।
इस बीच कुछ उपद्रवियों ने बस और कुछ वाहनों को आग भी लगा दी।
बयान
मुख्य सचिव ने क्या जारी किया बयान?
मणिपुर के मुख्य सचिव पीके सिंह ने कहा कि राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए राज्य परिवहन की बसें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के संरक्षण में चलेंगी ताकि लोगों की यात्रा सुरक्षित हो सके।
इसके अलावा, इम्फाल से चुराचांदपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवाएं 12 मार्च से शुरू होंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक आवागमन में बाधा डालने के किसी भी प्रयास के खिलाफ सख्त से सख्त पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई
प्रतिबंधित संगठनों के 7 सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर में अलग-अलग अभियानों में 4 प्रतिबंधित संगठनों के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (PWG) के 2 कार्यकर्ताओं को लाम्फेल से गिरफ्तार किया गया, जबकि इसी संगठन के एक अन्य सदस्य को बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पकड़ा गया है।
अन्य लोगों को कांगपोकपी से पकड़ा है। लाम्फेल में गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से 50,000 रुपये की राशि भी बरामद की गई है। उनसे पूछताछ जारी है।
हिंसा
मणिपुर हिंसा में अब तक हुई 250 से अधिक लोगों की मौत
बता दें, पिछले 2 सालों में मणिपुर में हुई हिंसात्मक घटनाओं में 250 से अधिक लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग बेघर हो गए।
पिछले साल दिसंबर में पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह की ओर से इम्फाल से कांगपोकपी और चुराचांदपुर तक सार्वजनिक बस सेवाएं शुरू करने का प्रयास विफल हो गया था, क्योंकि इम्फाल के मोइरंगखोम में मणिपुर राज्य परिवहन (MST) स्टेशन पर कोई यात्री नहीं आया था।
2023 के बाद राज्य में स्थिति और बिगड़ गई।