Loading...
प्रधानमंत्री ने चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण का उद्घाटन किया, राज्य को दी 13,000 करोड़ की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री ने चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण का उद्घाटन किया, राज्य को दी 13,000 करोड़ की सौगात

लेखन आबिद खान
Oct 11, 2026
03:01 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चेन्नई के दौरे पर हैं। उन्होंने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी कॉरिडोर का उद्घाटन किया। करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी किया। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय भी उनके साथ थे। उन्होंने जलकंडेश्वरर मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

परियोजना

प्रधानमंत्री ने इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने करीब 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-744 के वडुगपट्टी-तेरकुवेंगनल्लूर खंड का उद्घाटन किया। करीब 36 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को 4 लेन बनाया गया है।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-744A के तहत मदुरै रिंग रोड के 30 किलोमीटर लंबे 4 लेन वाले हिस्से का भी उद्घाटन किया।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर तिरुवरूर बाईपास की आधारशिला भी रखी।

ट्विटर पोस्ट

प्रधानमंत्री ने मेट्रो में सफर किया

ADVERTISEMENT

रेल परियोजनाएं

राज्य को रेलवे के क्षेत्र में भी कई परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री ने 750 करोड़ रुपये से ज्यादा की रेलवे परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें कराईकल-परलम रेलवे लाइन भी शामिल है, जिससे क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा।

इसके अलावा, कोयंबटूर और आसपास के इलाकों में 3 फ्लाईओवर भी जनता को समर्पित किए।

उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए सिरे से विकसित 5 रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया। इनमें पलानी, वेल्लोर कैंटोनमेंट, अंबासमुद्रम, परमाकुडी और नमक्कल स्टेशन शामिल हैं।

ADVERTISEMENT

अन्य परियोजनाएं

इन परियोजनाओं का भी हुआ उद्घाटन-शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने चेन्नई पोर्ट पर 4 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने वीओ चिदंबरनार पोर्ट पर 8 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

कामराजर पोर्ट पर कोल बर्थ-3 परियोजना का उद्घाटन किया और कंटेनर टर्मिनल फेज-1 के दूसरे चरण के लिए कैपिटल ड्रेजिंग कार्य की आधारशिला रखी।

उन्होंने चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (CPCL) की मनाली रिफाइनरी में ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स (LOBS) परियोजना की आधारशिला रखी। इसकी लागत करीब 1,620 करोड़ रुपये है।

ADVERTISEMENT