IMF के विकास पूर्वानुमान के बाद मोदी बोले- भारत ने वैश्विक अनिश्चितता के बीच विश्वसनीयता दी
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली में आयोजित ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में कहा कि भारत वैश्विक अनिश्चितता के बीच विश्वसनीयता और स्थिरता प्रदान करता है। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए प्रौद्योगिकी, नवाचार और आर्थिक शक्ति का उपयोग लोगों को सशक्त बनाने और देशों में अवसर पैदा करने का आह्वान किया। मोदी ने यह बात तब कही, जब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत में 2026-27 के लिए GDP विकास पूर्वानुमान 6.4 से बढ़ाकर 7 प्रतिशत किया है।
संबोधन
देश में लोग विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बहस करते हैं- मोदी
मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और यहां 100 से अधिक भाषाएं हैं 80,000 पंजीकृत समाचार पत्र और 1,000 से अधिक सैटेलाइट टेलीविजन चैनल हैं।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के युग में, भारत में 5 करोड़ से अधिक यूट्यूब और 5 करोड़ से अधिक इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता हैं।
उन्होंने कहा, "हमारे देश में लोग विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बहस करते हैं और नागरिक विविध दृष्टिकोणों पर चर्चा करते हैं। डिजिटल शक्ति ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।"
साझा
सहयोगियों से साझा करते हैं क्षमताएं- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के पास जो भी क्षमताएं हैं, उन्हें अपनी सीमाओं तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उन्हें वैश्विक देशों और सहयोगी देशों के साथ साझा करते हैं।
उन्होंने कहा, "हम डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के क्षेत्र में अपने अनुभव को अन्य देशों के साथ साझा कर रहे हैं ताकि वे अपनी आवश्यकताओं के अनुसार डिजिटल प्रणालियां विकसित करें। हमारा निरंतर प्रयास है कि भारत की क्षमताएं अन्य देशों के लिए भी संभावनाओं के नए द्वार खोलें।"
चुनौती
वैश्विक चुनौतियों पर क्या बोले मोदी?
मोदी ने कहा कि दुनिया चुनौतियों का सामना कर रही है और ऐसी परिस्थितियों में, दुनिया के सामने एक मूलभूत सवाल विश्वास का है, जैसे जरूरत के समय आपूर्ति बने रहने का विश्वास।
उन्होंने कहा कि यह विश्वास कि संकट के क्षणों में एक सहयोगी देश आपके साथ खड़ा रहेगा और यहीं पर भारत एक अलग दृष्टिकोण-सोच के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि शक्ति केवल आगे बढ़ने की नहीं, बल्कि दूसरों को भी सशक्त बनाने की क्षमता है।
ट्विटर पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी का पूरा भाषण
Speaking at the Bloomberg New Economy Forum. https://t.co/H91kiKqNQ8
— Narendra Modi (@narendramodi) October 13, 2026