जयपुर: NTA की AIAPGET परीक्षा के दौरान बिजली गुल, अब 1 सितंबर को दोबारा होगा पेपर
क्या है खबर?
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) से जुड़े विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब जयपुर में अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (AIAPGET) के दौरान गड़बड़ी सामने आई। यहां श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज में बिजली गुल होने से कई अभ्यर्थियों परीक्षा ही नहीं दे सके। इसके बाद NTA एक सितंबर को फिर से परीक्षा का आयोजन करेगा। जो लोग परीक्षा नहीं दे पाए, वे इसमें शामिल हो सकेंगे।
मामला
पेपर शुरू होने के 15 मिनट बाद ही बिजली गुल
सत्य साईं कॉलेज में 2 पारियों में परीक्षा होनी थी। पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होनी थी। हालांकि, 10 बजे पेपर शुरू होने के 15 मिनट बाद ही बिजली गुल हो गई। बाद में जनरेटर चालू किया गया, लेकिन तब तक परीक्षा बाधित हो चुकी थी।
वहीं, दूसरी पारी के अभ्यर्थियों का प्रवेश दोपहर 1 बजे से 2.30 बजे तक होना था, लेकिन वे भी 3 बजे तक बाहर ही बैठे रहे।
पेपर
49 अभ्यर्थियों की होगी दोबारा परीक्षा
NTA ने कहा कि 22 अगस्त को AIAPGET की पहली पारी में देशभर के 200 केंद्रों पर 35,837 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर परीक्षा में शामिल 192 अभ्यर्थियों में से 49 बिजली गुल होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके।
NTA ने खेद जताते हुए कहा कि इन 49 अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा 1 सितंबर को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमन, जयपुर में आयोजित की जाएगी।