वैक्सीनेशन तेज करने का प्रयास, अप्रैल में सरकारी छुट्टियों के दिन भी लगेगी वैक्सीन
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने देश में वैक्सीनेशन अभियान की रफ्तार बढ़ाने के लिए नया फैसला लिया है।
अप्रैल में बाकी दिनों के साथ-साथ सरकारी छुट्टी के दिन भी वैक्सीनेशन किया जाएगा और इसके लिए सरकारी और निजी केंद्रों की सहायता ली जाएगी।
इसका मतलब यह है कि अब कोई भी दिन ऐसा नहीं होगा, जिस दिन लोगों को वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी।
वैक्सीनेशन का दायरा बढ़ाने के लिए इसे अहम कदम माना जा रहा है।
आइये, पूरी खबर जानते हैं।
शुरुआत
16 जनवरी को हुई थी वैक्सीनेशन अभियान की शुुरुआत
भारत में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी।
इस अभियान मेंं भारत बायोटेक की कोवैक्सिन और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) की कोविशील्ड वैक्सीन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अभी तक स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन कर्मियों, 60 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों और 45 साल से अधिक के उन लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही थी, जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं।
असर
छुट्टियों के दिन कम होता था वैक्सीनेशन
केंद्र सरकार की तरफ से कहा गया है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया है।
अभी तक सप्ताहांत या छुट्टियों के दिन वैक्सीनेशन की रफ्तार बिल्कुल धीमी हो जाती थी। सप्ताह के बाकी दिनों में जहां 20 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जाती थी, वहीं शनिवार और रविवार को इनकी संख्या घटकर दो लाख तक आ जाती थी।
इससे अभियान की रफ्तार पर काफी असर पड़ता था।
कोरोना वैक्सीनेशन
आज से बढ़ा वैक्सीनेशन अभियान का दायरा
आज यानी 1 अप्रैल से देश में वैक्सीनेशन अभियान का दायरा बढ़ गया है और अब 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच सरकार अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने की योजना के साथ आगे बढ़ रही है।
इसी कड़ी में ताजा फैसला लिया गया है, जिसके तहत अप्रैल में हर दिन वैक्सीन लगाई जाएगी। यानी अब लोग किसी भी दिन वैक्सीन लगवा सकेंगे।
जानकारी
रोजाना 50 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य
अभी भारत में रोजाना लगभग 20 लाख लाभार्थियों को वैक्सीन दी जा रही है। आज से शुरू हुए चरण में इस संख्या को बढ़ाकर 50 लाख करने का लक्ष्य है। इसके लिए कोविन प्लेटफॉर्म को भी अपग्रेड किया जा रहा है।
वैक्सीनेशन
देश में वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में अब तक 5,57,83,201 लोगों को वैक्सीन की पहली और 93,34,695 लोगों को वैक्सीन की दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। अगर इन्हें जोड़ दिया जाए तो भारत में वैक्सीन की कुल 6,51,17,893 खुराकें दी जा चुकी हैं। बीते दिन 20,63,543 लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, वैक्सीन की खुराक लगाने के मामले में भारत अमेरिका, चीन और यूरोपीय संघ के बाद दुनियाभर में चौथे स्थान पर है।
महामारी की मार
देश में फिर बढ़ने लगे कोरोना संक्रमित
देश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है और हालात फिर से पहले की तरह होने लगे हैं।
भारत में बीते दिन कोरोना के 72,330 नए मामले सामने आए और 459 मरीजों की मौत हुई है। ये पिछले छह महीनों में एक दिन में मिले सर्वाधिक मरीज हैं
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,22,21,665 हो गई है। इनमें से 1,62,927 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।