Page Loader
मणिपुर के अधिकारियों से 3 बार किया संपर्क, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला- NCW प्रमुख 
महिला आयोग प्रमुख रेखा शर्मा ने मीडिया रिपोर्ट्स का किया खंडन

मणिपुर के अधिकारियों से 3 बार किया संपर्क, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला- NCW प्रमुख 

लेखन नवीन
Jul 21, 2023
02:55 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने और गैंगरेप मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। NCW प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं को लेकर उन्होंने पिछले 3 महीनों में 3 बार अधिकारियों से संपर्क किया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने उन रिपोर्ट्स का भी खंडन किया है, जिसमें कहा गया कि आयोग से इस मामले की शिकायत की गई थी।

मामला

मीडिया रिपोर्ट्स में क्या कहा गया है?

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि NCW को 12 जून को जातीय हिंसा प्रभावित मणिपुर में 4 मई को दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की घटना के बारे में शिकायत मिली थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। NCW प्रमुख ने ऐसी किसी घटना की कोई शिकायत मिलने से इनकार करते हुए कहा कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद आयोग ने इसका स्वत: संज्ञान लिया और मामले पर अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

बयान

NCW प्रमुख बोलीं- अधिकारियों ने नहीं दिया जवाब

NCW प्रमुख ने कहा कि मणिपुर हिंसा के बीच उन्हें महिलाओं के मुद्दों के संबंध में अन्य शिकायतें मिली थीं और इसके लिए मणिपुर के अधिकारियों को 3 बार पत्र भी लिखा गया, लेकिन उनसे कोई भी जवाब नहीं मिला। उन्होंने NCW द्वारा अधिकारियों को भेजे गए पत्र भी साझा किए हैं, जिसमें आयोग द्वारा महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उनसे जवाब मांगा गया था।

NCW

NCW प्रमुख ने और क्या कहा?

NCW प्रमुख शर्मा ने कहा, "हमें शिकायतों की पुष्टि करनी थी और यह शिकायतें मणिपुर से नहीं थीं, जबकि कुछ तो भारत से भी नहीं थीं।" उन्होंने कहा, "हमने शिकायतों के बाद मणिपुर में अधिकारियों से संपर्क भी किया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाये जाने का वीडियो वायरल हुआ तो हमने घटना का स्वत: संज्ञान लिया।" NCW की ओर से 18 मई, 29 मई और 19 जून को पत्र लिखे गए थे।

क्या है मामला

क्या है महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने का मामला? 

मणिपुर से 19 जुलाई को एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भीड़ 2 महिलाओं को निर्वस्त्र करके दौड़ा रही है। इस वीडियो में महिलाएं रोती बिलखती देखी जा सकती हैं और कुछ पुरुष उनके साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके साथ गैंगरेप भी किया। यह घटना कांगपोकपी जिले की है और वीडियो 4 मई का बताया जा रहा है। इस घटना के एक दिन पहले ही मणिपुर हिंसा शुरू हुई थी।