Page Loader
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 जुलाई को रूस यात्रा पर जाएंगे, 5 साल बाद करेंगे दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 जुलाई को रूस रवाना होंगे (तस्वीर: एक्स/@narendramodi)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 जुलाई को रूस यात्रा पर जाएंगे, 5 साल बाद करेंगे दौरा

लेखन गजेंद्र
Jul 04, 2024
05:01 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से 10 जुलाई तक रूस और ऑस्ट्रिया के दौरे पर रहेंगे। दोनों देशों में वह एक-एक दिन बिताएंगे। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी है। मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 8 जुलाई को मास्को में होंगे। यहां दोनों देशों के नेता बहुआयामी संबंधों की समीक्षा करेंगे। साथ ही समकालीन क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

दौरा

9 जुलाई को ऑस्ट्रिया के लिए होंगे रवाना

मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 9 जुलाई को रूस से ऑस्ट्रिया के लिए रवाना होंगे, जहां वे 10 जुलाई तक रहेंगे। पिछले 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया की यह पहली यात्रा होगी। मोदी ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री और चांसलर भारत-ऑस्ट्रिया के व्यापारिक नेताओं को भी संबोधित करेंगे। मोदी रूस और वियना में भारतीय समुदाय के सदस्यों को भी संबोधित करेंगे।

मुलाकात

प्रधानमंत्री ने 2019 में की थी रूस की यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी 2019 के बाद 2024 में रूस की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। मोदी फरवरी, 2022 में यूक्रेन पर रूसी आक्रमण की शुरुआत के बाद पहली बार रूस जाएंगे। बता दें कि पुतिन ने इस वर्ष मई में लगातार पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है, जबकि मोदी ने भी 9 जून को लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है। पुतिन ने मोदी को फोन पर बधाई दी थी।