प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरे कार्यकाल की अंतिम कैबिनेट बैठक की, बोले- हार-जीत राजनीति का हिस्सा
क्या है खबर?
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे हो चुके हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से 17वीं लोकसभा भंग करने की सिफारिश की है।
इससे पहले उन्होंने अपने दूसरे कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने बैठक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगियों से कहा कि सरकार ने पिछले 10 साल में अच्छा काम किया है और वह इसे आगे भी जारी रखेंगे।
बैठक
आगे क्या बोले मोदी?
मोदी ने बैठक में आगे कहा कि हारना और जीतना राजनीति का हिस्सा है और संख्या का यह खेल चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रियों ने 10 साल में बहुत मेहनत की।
उन्होंने सभी केंद्रीय मंत्रियों का धन्यवाद किया। कैबिनेट बैठक के बाद मोदी राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो गए थे, जहां उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपा।
कयास लग रहे हैं कि मोदी 7 जून को नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे और 8 जून को शपथ लेंगे।
परिणाम
सरकार बनाने के लिए NDA और INDIA में टक्कर
केंद्र में सरकार बनाने के लिए NDA और INDIA गठबंधन के बीच रस्साकशी चल रही है। चुनाव में NDA को 292 सीटें, INDIA के हिस्से 234 और अन्य के खाते में 17 सीटें गई हैं।
भाजपा को 240 और कांग्रेस को 99 सीटें मिली। समाजवादी पार्टी (SP) को 37, तृणमूल कांग्रेस को 29, द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) को 22, TDP को 16, JDU को 12, शिवसेना (उद्धव) को 9, NCP (शरद) को 8 और शिवसेना (शिंदे) को 7 सीटें मिली।