मुंबई: 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से 2 लोगों की मौत, 5 घायल
क्या है खबर?
मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां पंडाल में ले जाते समय 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा लोगों पर गिर गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य को चोटें आई हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात भुलेश्वर में जय अंबे चौक के पास कबूतरखाना के पास गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान हुई। हादसे के बाद लोगों के बीच गहरा शोक है।
घटना
प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान हुआ हादसा
यह हादसा पंडाल में प्रतिमा की स्थापना से पहले निकाले जाने वाले आगमन जुलूस के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि प्रतिमा के ढांचे में लगे कुछ नट और बोल्ट ढीले हो गए थे। इससे मूर्ति का संतुलन बिगड़ा और वो लोगों पर ही जा गिरी।
मृतकों की पहचान संकेत नेवशे और बृजेश हेमंत जोशी के रूप में की गई है। वहीं, वैभव घेनंद, पवन चौरसिया, लावण्या गनेर, दिव्या गनेर और कुणाल काशिद घायल हुए हैं।
बचाव
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे बचाव दल
घटना की जानकारी मिलते ही बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC), मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 इमरजेंसी एम्बुलेंस सर्विस और BMC वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंचे।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, शुरुआत में एक शख्स को GT अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 2 घायल लोगों का इलाज चल रहा था। बाद में इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हो गए।