Page Loader
महाराष्ट्र: मतदान करने वालों के लिए मुंबई मेट्रो का ऐलान, यात्रा करने पर मिलेगी छूट
मुंबई मेट्रो मतदान करने वालों को छूट देगी (तस्वीर: एक्स/@Adityab_77)

महाराष्ट्र: मतदान करने वालों के लिए मुंबई मेट्रो का ऐलान, यात्रा करने पर मिलेगी छूट

लेखन गजेंद्र
May 03, 2024
03:48 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आते ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। फ्री प्रेस जनरल के मुताबिक, 20 मई को होने वाले चुनाव के दिन मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मुंबई मेट्रो ने मतदाताओं के लिए छूट का ऐलान किया है। मुंबई मेट्रो की ओर से कहा गया है कि अगर यात्री मतदान करके यात्रा करेंगे तो उनको करीब 10 प्रतिशत की छूट किराए पर दी जाएगी।

ऐलान

छूट के लिए क्या है शर्त?

मुंबई मेट्रो की ओर से बताया गया कि मेट्रो लाइन 2A और 7 के यात्रियों को मतदान के दिन विशेष 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यात्रियों को मुंबई 1 कार्ड, पेपर QR और पेपर टिकटों का उपयोग करके मतदान केंद्रों तक यात्रा करने और मतदान के बाद घर लौटने के लिए किराए पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। बता दें कि मुंबई मेट्रो में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या करीब 9 करोड़ पहुंच गई है।

चुनाव

महाराष्ट्र में पहले और दूसरे चरण में हुआ कम मतदान

लोकसभा चुनाव के 2 चरण पूरे हो चुके हैं। महाराष्ट्र में पहले चरण में 5 और दूसरे चरण की 8 सीटों पर मतदान हुआ है, जिसमें देश में सबसे कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में पहले चरण में जहां 60.22 प्रतिशत मतदान, तो दूसरे चरण में 59.63 प्रतिशत मतदान हुआ था। पांचवें चरण में मुंबई समेत मुंबई महानगर क्षेत्र की 10 सीटों पर मतदान होगा। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी मतदान प्रतिशत कम था।