Page Loader
महाराष्ट्र: इंडियन मुजाहिदीन ने मुंबई हवाई अड्डे को दी हमले की धमकी, अलर्ट जारी
मुंबई हवाईअड्डे पर इंडियन मुजाहिदीन ने किया धमकी भरा फोन (तस्वीर: unsplash)

महाराष्ट्र: इंडियन मुजाहिदीन ने मुंबई हवाई अड्डे को दी हमले की धमकी, अलर्ट जारी

लेखन गजेंद्र
Feb 07, 2023
02:35 pm

क्या है खबर?

आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने मुंबई हवाई अड्डे पर फोन कर हमले की धमकी दी है। फोन कॉल के बाद अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फोन करने वाले शख्स ने अपना नाम इंडियन मुजाहिदीन का सदस्य इरफान अहमद शेख बताया था। पुलिस ने हवाई अड्डे के साथ ही अन्य प्रमुख स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है और फोन करने वाले शख्स की पहचान करने में जुटी है।

धमकी

मुंबई को कुछ दिनों से मिल रही है धमकी

बीते हफ्ते मुंबई स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कार्यालय को भी ईमेल से धमकी भरा संदेश आया था। संदेश भेजने वाले ने खुद को तालीबान का सदस्य बताया था। इससे पहले भी NIA को धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था, जिसकी जांच में पुलिस को कुछ हासिल नहीं हुआ। दाऊद इब्राहिम के खास छोटा शकील के साथी सलीम कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट को गिरफ्तार करने के बाद NIA को अब तक तीन बार धमकी मिल चुकी है।