मध्य प्रदेश: खंडवा में कुत्ते का मुखौटा लगाकर व्यक्ति पहुंचा कलेक्ट्रेट, नसबंदी घोटाले की शिकायत की
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में आवारा कुत्तों से परेशान लोगों ने विरोध का अजीबोगरीब तरीका ढूंढ निकाला। खंडवा कलेक्ट्रेट में बुधवार को जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर एक युवक को कुत्ते का मुखौटा पहनाकर ले गए और अधिकारियों के सामने पेश किया। राठौर ने कुत्तों के नसबंदी अभियान में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इस दौरान जनसुनवाई में हड़कंप मच गया और मुखौटे वाले व्यक्ति को देखने के लिए भीड़ जमा होने लगी।
प्रदर्शन
कुत्ते का मुखौटा पहनकर क्यों पहुंचा व्यक्ति?
निगम नेता राठौर ने कहा कि वह कुत्ते की तरफ से उसकी समस्या को कलेक्ट्रेट कार्यालय में रखने आए थे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कुत्तों की नसबंदी में लाखों रुपये ठेकेदार की मिलीभगत से निकाल लिए गए, लेकिन शहर में अभियान को ढंग से नहीं चलाया गया और भ्रष्टाचार किया गया।
राठौर ने कुत्ते की ओर से पूछा, "शहर में कुत्तों की नसंबदी हो रही है तो मुझे 6 बच्चे कैसे पैदा हो गए।"
विरोध
4 साल में 13,400 लोगों को कुत्ते ने काटा
उन्होंने कहा कि शहर में नसबंदी न होने से 4 साल में 13,400 लोगों को कुत्तों ने काटा है। कई जगह कुत्ते वाहन चालकों को दौड़ा चुके हैं, जिससे वे गिरकर चोटिल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि निगम ने जिस कंपनी को ठेका दिया, उसने नसबंदी नहीं और 40 लाख रुपये का भ्रष्टाचार किया है, जिससे हर महीने लगभग 300 लोगों को कुत्ते काट रहे हैं।
कलेक्ट्रेट के अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
ट्विटर पोस्ट
कुत्ते को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे निगम नेता
कुत्तों की नसबंदी में कथित भ्रष्टाचार और कुत्तों के काटने के बढ़ते मामलों की शिकायत लेकर खंडवा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष कलेक्टर कार्यालय आए विरोध का तरीका अनूठा था pic.twitter.com/5jJ5Fwyx4f
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) August 19, 2026