मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा पर पत्नी ने लगाए घरेलू हिंसा के आरोप, FIR दर्ज
मोटिवेशनल स्पीकर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर विवेक बिंद्रा पर उनकी पत्नी यानिका ने घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। इस मामले में यानिका ने विवेक के खिलाफ नोएडा के सेक्टर 126 थाने में FIR भी दर्ज कराई है। यानिका ने कहा कि विवेक ने उन्हें इतनी बुरी तरह पीटा कि उनके कान के पर्दे फट गए। यह कथित हिंसा उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 94 में सुपरनोवा वेस्ट रेजीडेंसी में हुई थी, जहां दंपति रहते हैं।
यानिका का आरोप- विवेक ने गाली देते हुए बुरी तरह पीटा
यानिका की ओर से ये FIR उनके भाई वैभव ने दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि 7 दिसंबर की सुबह विवेक और उनकी मां प्रभा के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान यानिका बीच-बचाव करने के लिए आगे आईं। इसके बाद विवेक यानिका को कमरे में ले गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे यानिका के शरीर पर गहरे घाव हो गए। बता दें कि विवेक और यानिका की शादी हाल ही में हुई है।
यानिका के शरीर पर पड़े घाव के निशान
शिकायत में वैभव ने बताया कि मारपीट के कारण यानिका को अब सुनाई नहीं दे रहा और बाल नोचने के कारण सिर में भी घाव हो गए हैं। कई दिनों से घायल यानिका का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। यानिका के शरीर पर लगी चोट का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोग विवेक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। विवेक ने यानिका का मोबाईल भी तोड़ दिया है।
संदीप माहेश्वरी से विवाद को लेकर भी चर्चाओं में हैं विवेक
मोटिवेशनल स्पीकर संदीप माहेश्वरी और विवेक के बीच भी विवाद चल रहा है। संदीप ने विवेक पर बड़े घोटाले का आरोप लगाया है। माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर 'बिग स्कैम एक्सपोज' शीर्षक से एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कैसे विवेक लोगों को बिजनेस सिखाने के नाम पर पैसे ऐंठने का काम कर रहे हैं। हालांकि, इसमें संदीप ने विवेक का नाम नहीं लिया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर #StopScamBusiness ट्रेंड करने लगा है।
कौन हैं विवेक बिंद्रा?
विवेक बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड के CEO और संस्थापक हैं। वह अपने प्रेरक भाषणों और नेतृत्व, सेल्स और व्यवसाय प्रबंधन पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए मशहूर हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक माने जाते हैं और कई पुस्तकों के लेखक भी हैं। वह www.badabusiness.com नाम की कंपनी के मालिक हैं। विवेक अपने यूट्यूब के चैनल पर बिजेनस शुरू करने संबंधी टिप्स देते हैं। उनके इस चैनल पर 2.14 करोड़ सब्सकाइबर्स हैं।