Page Loader
मुंबई में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, दिसंबर का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड
मुंबई में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज (तस्वीर: पिक्साबे)

मुंबई में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, दिसंबर का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड

लेखन गजेंद्र
Dec 05, 2024
10:47 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के मुंबई में सियासी गर्मी के साथ मौसम में भी गर्मी का अहसास हो रहा है। बुधवार को यहां दिन का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 16 साल में दिसंबर का सबसे गर्म दिन था। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार को सांताक्रूज में 37.3 डिग्री सेल्सियस और कोलाबा मौसम केंद्र ने 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया है। इससे पहले 5 दिसंबर, 2008 को कलिना में 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था।

तापमान

30 डिग्री के आसपास बना रहेगा तापमान

IMD ने संभावना जताई है कि मुंबई का अधिकतम तापमान अगले एक हफ्ते तक 30 डिग्री के पार ही बना रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मुंबई में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 और 5 डिग्री सेल्सियस अधिक हैं। पिछले दिनों 29 नवंबर को न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जो 8 सालों में सबसे कम था। आगे न्यूनतम तापमान घटने की संभावना है।

बारिश

चक्रवात फेंगल का भी दिखा असर

मुंबई में पिछले दिनों कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई थी, जो चक्रवात फेंगल का असर बताया जा रहा है। इससे तापमान में बदलाव दिखा था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिन में देर से आने वाली पश्चिमी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में उछाल आया है। कुछ दिन पहले न्यूनतम तापमान में गिरावट पूर्वी हवाओं के कारण थी। फिलहाल, अभी कुछ दिन तक अधिकतम तापमान के कम होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।