मुंबई में पारले-जी कंपनी के कई स्थानों पर आयकर विभाग का छापा, क्या है कारण?
क्या है खबर?
देश की मशहूर बिस्किट कंपनी पारले-जी आयकर (IT) विभाग के निशाने पर आ गई है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कंपनी की कई जगह छापेमारी की है।
छापेमारी सुबह से चल रही है, जिसमें आयकर विभाग की विदेशी संपत्ति इकाई और मुंबई की आयकर जांच इकाई की टीम शामिल हैं।
विभाग कंपनी के दस्तावेजों को जांच रहा है। यह जांच क्यों हो रही है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
आयकर
कंपनी का मुनाफा हुआ दोगुना
पारले-जी कंपनी मुनाफे में चल रही है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में इसका मुनाफा बढ़कर दोगुना हो गया, जो 1,606 करोड़ रुपये के आसपास है।
इसके पहले वित्तीय वर्ष 2022-23 में मुनाफा 743.66 करोड़ रुपये रहा था। साथ ही कंपनी की ऑरेशनल आय बीते वित्तीय वर्ष में 2 प्रतिशत बढ़कर 14,349 करोड़ रुपये हो गई है।
कंपनी के राजस्व की बात करें तो यह 5.31 प्रतिशत उछलकर 15,085 करोड़ रुपये से ज्यादा है। पारले-जी की मांग अभी बनी हुई है।
कंपनी
आजादी से पहले हुई थी कंपनी की शुरूआत
पारले-जी कंपनी आजादी के पहले से भारत में है। इसकी स्थापना 1929 में हुई थी। मुंबई के विले-पार्ले से कंपनी का नाम लिया गया है।
पारले ने पहली बार 1938 में ग्लूको बिस्किट बाजार में उतारा था, जो उस समय काफी प्रचलित हुआ। हालांकि, आजादी के बाद अन्न संकट हुआ तो कंपनी ने बिस्किट बनाना बंद कर दिया।
संकट हटने पर फिर बिस्किट बनाना शुरू किया, जो लोगों की जुबान पर चढ़ गया। पारले-जी के कई उत्पाद बाजार में हैं।