Loading...
महाराष्ट्र FDA ने फोर्टिस अस्पताल की रसोई का लाइसेंस रद्द किया, कॉकरोच और फफूंद मिली
मुंबई के मुलुंड स्थित फोर्टिस अस्पताल की रसोई का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है

महाराष्ट्र FDA ने फोर्टिस अस्पताल की रसोई का लाइसेंस रद्द किया, कॉकरोच और फफूंद मिली

लेखन आबिद खान
Oct 17, 2026
03:06 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मुलुंड स्थित फोर्टिस अस्पताल में रसोई चलाने वाली सोडेक्सो इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। रसोई के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कॉकरोच, ड्रेनेज में खाने का कचरा, फंगस लगे खाने के कंटेनर और जंग लगे चाकू मिले थे। इसके बाद ये कार्रवाई की गई है। इसके अलावा FDA ने पूरे महाराष्ट्र में होटल, रेस्तरां, बेकरी और कैंटीन सहित 25 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी रद्द किए।

बयान

अस्पताल बोला- हम उपायों की समीक्षा कर रहे

अस्पताल ने कहा, "हम FDA की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हैं और हमने सर्विस प्रोवाइडर को निर्देश दिया है कि वे तुरंत इन पर ध्यान दें और सभी लागू फूड सेफ्टी जरूरतों का पालन सुनिश्चित करें। हम सुधारात्मक उपायों की समीक्षा कर रहे हैं। जहां भी जरूरत है, वहां मरीजों और उनके साथ आए लोगों को सुरक्षित और पौष्टिक खाना बिना रुकावट मिलता रहे, इसके लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।"

अन्य प्रतिष्ठान

सोफिया कॉलेज कैंटीन का लाइसेंस भी रद्द

FDA ने मुंबई के भुलाभाई देसाई रोड पर स्थित सोफिया कॉलेज कैंटीन का लाइसेंस भी रद्द कर दिया है। यहां निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाया गया था।

जोगेश्वरी स्थित जनता बेकरी भी FDA के स्वच्छता मानकों पर बुरी तरह फेल रही। जांच के दौरान इसे 88 मानकों में से मात्र 28 अंक ही मिल सके।

इसके अलावा मुंबई बाईज और अमेजन ई-कॉमर्स से जुड़ी कुछ प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी दंडात्मक कदम उठाए गए।

ADVERTISEMENT