जम्मू-कश्मीर SIA ने शुरू की वंधामा नरसंहार की जांच, मारे गए थे 23 कश्मीरी पंडित
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर की राज्य जांच एजेंसी (SIA) ने 1998 के वंधामा नरसंहार की जांच फिर से शुरू कर दी है। इस घटना में 23 कश्मीरी पंडितों की हत्या कर दी गई थी। इनमें 9 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल थे। यह कश्मीरी पंडितों की लक्षित हत्याओं के लंबे समय से लंबित मामलों को आगे बढ़ाने के व्यापक अभियान का हिस्सा है। इसके तहत SIA ने कई पिछले मामलों को दोबारा खोला है।
रिपोर्ट
SIA ने मारे थे छापे
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि SIA ने कुछ दिन पहले वंधामा हत्याकांड और तापलू की हत्या के सिलसिले में कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर छापेमारी की थी।
जांचकर्ता अब इन मामलों में कथित तौर पर शामिल आतंकवादियों और जमीनी कार्यकर्ताओं की पहचान करने और हमलों में उनकी भूमिका स्थापित करने के लिए काम कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, 2 दशक बाद फिर से खोले गए कुछ मामलों में बड़ी कामयाबी मिली है।
अन्य मामले
SIA ने शुरू की कई और मामलों की जांच
SIA दशकों पुराने लक्षित हत्या के मामलों को फिर से खोल रही है।
हाल ही में कश्मीरी पंडित, कवि और समाजसेवी सर्वानंद कौल 'प्रेमी' और उनके बेटे वीरेंद्र कौल की हत्या के मामला की दोबारा जांच शुरू की गई है। कौल और उनके बेटे को 36 साल पहले दक्षिण कश्मीर में अगवा करके मार दिया गया था।
वहीं, कश्मीरी पंडित नेता टीका लाल टपलू और जस्टिस नीलकंठ गंजू की हत्या की जांच भी तेज कर दी गई है।