Page Loader
IPS पराग जैन होंगे नए RAW प्रमुख, 'ऑपरेशन सिंदूर' में निभाई थी अहम भूमिका
पराग जैन होंगे नए RAW प्रमुख

IPS पराग जैन होंगे नए RAW प्रमुख, 'ऑपरेशन सिंदूर' में निभाई थी अहम भूमिका

Jun 28, 2025
04:53 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने पंजाब कैडर के 1989 बैच के IPS अधिकारी पराग जैन को रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) का नया प्रमुख नियुक्त किया है। वह 1 जुलाई को 2 साल के निश्चित कार्यकाल के लिए पदभार ग्रहण करेंगे। वह मौजूदा RAW प्रमुख रवि सिन्हा की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। पराग वर्तमान में एविएशन रिसर्च सेंटर (ARC) का नेतृत्व कर रहे हैं और उन्हें पाकिस्तान के मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है।

मंजूरी

ACC ने दी पराग की नियुक्ति को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली नियुक्ति समिति (ACC) की बैठक में पराग की नियुक्ति की मंजूरी दे दी गई है। RAW प्रमुख का कार्यकाल 2 साल का होता है, जिसे आवश्यकतानुसार बढ़ाया जा सकता है। पराग ने हाल ही में ARC प्रमुख के तौर पर 'ऑपरेशन सिंदूर' में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पाकिस्तान की सीमाओं के पार स्थित आतंकवादियों और उनसे जुड़ी सैन्य संरचनाओं पर खुफिया जानकारी जुटाई थी। इसके दम पर यह ऑपरेशन सफल हो सका था।

परिचय

कौन हैं पराग जैन?

पराग चंडीगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और लुधियाना में उप महानिरीक्षक (DIG) रहते हुए पुलिस संचालन की बारीकियां समझी और अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी संभाला। उन्होंने कनाडा और श्रीलंका में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। पराग जैन जम्मू-कश्मीर में भी तैनात रहे हैं, जहां उन्होंने संघर्षग्रस्त केंद्र शासित प्रदेश में केंद्र की आतंकवाद विरोधी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पराग ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और बालाकोट एअरस्ट्राइक जैसे महत्वपूर्ण ऑपरेशन में भी योगदान दिया है।