Page Loader
भारत की सरगम कौशल ने जीता मिसेज वर्ल्ड का खिताब
सरगम कौशल ने जीता मिसेज वर्ल्ड का खिताब

भारत की सरगम कौशल ने जीता मिसेज वर्ल्ड का खिताब

Dec 18, 2022
11:39 pm

क्या है खबर?

मुंबई की रहने वाली सरगम ​​कौशल ने रविवार को मिसेज वर्ल्ड 2022 का खिताब अपने नाम कर लिया है। लास वेगास में आयोजित एक इस प्रतियोगिता में दुनियाभर की 63 महिलाओं ने हिस्सा लिया था और आखिरकार सरगम ने उसमें सफलता हासिल कर ली। मिसेज इंडिया पेजेंट के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर इसकी पुष्टि की गई है। इसके साथ ही 21 साल के लंबे इंतजार के बाद यह ताज फिर से वापस भारत आ गया है।

ताजपोशी

मिसेज वर्ल्ड 2021 ने कौशल को पहनाया ताज

मूल रूप से जम्मू-कश्मीर की रहने वाली मिसेज इंडिया ​​कौशल को शनिवार रात वेस्टगेट के लास वेगास रिजॉर्ट एंड कसीनो में आयोजित कार्यक्रम में 2021 की विजेता अमेरिका निवासी शायलिन फोर्ड ने मंच पर मिसेज वर्ल्ड 2022 का ताज पहनाया। इस दौरान मिसेज पोलिनेशिया को प्रथम उपविजेता और मिसेज कनाडा दूसरी उपविजेता घोषित किया गया। कौशल को यह ताज मिलना देश के लिए बड़े ही सम्मान की बात है।

खुशी

खत्म हुआ लंबा इंतजार- मिसेज इंडिया इंक

मिसेज इंडिया पेजेंट का प्रबंधन करने वाली संस्था मिसेज इंडिया इंक ने भी सोशल मीडिया पर कौशल की जीत का जश्न मनाया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर ताजपोशी की फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'लंबा इंतजार खत्म हो गया है, 21 साल बाद हमारे पास क्राउन वापस आ गया है!' बता दें कि भारत ने इससे पहले केवल एक बार 2001 में यह खिताब जीता था। उस दौरान अभिनेत्री और मॉडल डॉ अदिति गोवित्रीकर ने जीत हासिल की थी।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखें इंस्टा पोस्ट

बयान

हमें ताज वापस मिल गया है- कौशल

समारोह में विजेता घोशित किए जाने के बाद कौशल ने एक वीडियो में कहा, "हमें 21-22 साल बाद ताज वापस मिला है। मैं बहुत उत्साहित हूं। लव यू, इंडिया, लव यू, वर्ल्ड।" मिसेज इंडिया इंक 2022-23 की जज गोवित्रीकर ने सोशल मीडिया पर मिसेज वर्ल्ड का ताज जीतने पर कौशल को बधाई देते हुए लिखा, 'हार्दिक बधाई कौशल। इस यात्रा का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हुई। आखिरकार 21 साल बाद ताज वापस आ गया है।'

जानकारी

1984 में हुई थी इस सौंदर्य प्रतियोगिता की शुरुआत

डेविड मारमेल द्वारा स्थापित मिसेज वर्ल्ड विवाहित महिलाओं के लिए पहली अंतर्राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता है। इसकी शुरुआत 1984 में की गई थी। शुरुआत में इसे मिसेज वुमन ऑफ द वर्ल्ड कहा गया था, लेकिन 1988 में इसका नाम बदलकर मिसेज वर्ल्ड कर दिया गया।

परिचय

कौन है सरगम कौशल?

मिसेज वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली 32 वर्षीय कौशल जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हैं। उन्होंने इंग्लिश लिट्रेचर में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। वह विशाखापट्टनम में बतौर टीचर भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने साल 2018 में शादी की थी और उनके पति इंडियन नेवी में कार्यरत हैं। कौशल ने इस प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में मॉडल एलेसिया राउत की सलाह पर भावना राव द्वारा डिज़ाइन किया गया पिंक कलर का स्लिट गाउन पहना था।