कोरोना: देश में बीते दिन मिले 40,953 मरीज, महाराष्ट्र में फिर 25,000 से अधिक मामले
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 40,953 नए मामले सामने आए और 188 मरीजों की मौत हुई है।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,15,55,284 हो गई है। इनमें से 1,59,558 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2,88,394 हो गई है। देश में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मामलों में लगातार इजाफा देखा जा रहा है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 23,000 से ज्यादा मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 23,653 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,11,07,332 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 96.26 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 10,60,971 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 23.14 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 24,22,021 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 53,208 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 11,00,275 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,467 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 9,66,689 मामलों और 12,425 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,92,986 मामलों और 7,187 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 25,681 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 70 मरीजों की मौत हुई। संक्रमण की तेज रफ्तार के कारण राज्य में हालात बिगड़ रहे हैं।
इसी तरह केरल में बीते दिन 1,914 लोगों को संक्रमित पाया गया और 17 मरीजों की मौत हुई।
आंध्र प्रदेश में 246 नए मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 1,587 मामले सामने आए और 10 मरीजों की मौत हुई।
जानकारी
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 4,20,63,392 खुराकें दी जा चुकी हैं। बीते दिन 27,23,575 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण चल रहा है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 27 लाख लोगों की मौत
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 12.22 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 27 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.97 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.41 लाख लोगों की मौत हुई है।
वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.18 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 2.90 लाख मरीजों की मौत हुई है
संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है।