Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन सामने आए 22,270 नए मामले, 325 मौतें दर्ज
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना: देश में बीते दिन सामने आए 22,270 नए मामले, 325 मौतें दर्ज

Feb 19, 2022
08:46 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 22,270 नए मामले सामने आए और 325 मरीजों की मौत हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,28,02,505 हो गई है। इनमें से 5,11,230 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2,53,739 हो गई है। सक्रिय मामलों में लगातार 25वें दिन गिरावट आई है। ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण आई तीसरी लहर के बाद देश में हालात सुधर रहे हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 60,000 से अधिक मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 60,298 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,20,37,536 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.12 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,35,471 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 75.81 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 78,55,359 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,43,547 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 64,56,806 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 63,529 मौतें हुई हैं। इसी तरह 39,34,448 ​मामलों और 39,757 मौतों के साथ कर्नाटक और 34,42,929 मामलों और 37,970 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 2,068 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 15 मरीजों की मौत हुई। यहां तीसरी लहर कमजोर पड़ रही है। केरल में 7,780 ​लोगों को संक्रमित पाया गया और 191 मरीजों की मौतें दर्ज हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं। कर्नाटक में 1,33 मामले सामने आए और 19 मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 1,146 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और आठ मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,75,03,86,834 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 36,28,578 खुराकें लगाई गईं। देश में 15 साल से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या 42.13 करोड़

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक 42.13 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 58.72 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 7.84 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 9.34 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.81 करोड़ संक्रमितों में से 6.43 लाख मरीजों की मौत हुई है।