कोरोना वायरस: देश में बीते दिन पांच महीने में सबसे अधिक 47,262 नए मामले, 275 मौतें
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 47,262 नए मामले सामने आए और 275 मरीजों की मौत हुई है। ये बीते पांच महीने में सामने आए सबसे अधिक नए मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,17,34,058 हो गई है। इनमें से 1,60,441 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3,68,457 हो गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 23,907 मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 23,907 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,12,05,160 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 95.49 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 10,25,628 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 23.64 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 25,33,026 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 53,589 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 11,07,452 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,517 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 9,73,657 मामलों और 12,449 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,94,536 मामलों और 7,193 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 28,699 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 132 मरीजों की मौत हुई। राज्य में हालिया समय में एक दिन में हुई ये सबसे अधिक मौतें हैं।
इसी तरह केरल में 1,985 लोगों को संक्रमित पाया गया और 10 मरीजों की मौत हुई।
आंध्र प्रदेश में 492 नए मामले सामने आए और दो मरीजों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 2,010 मामले सामने आए और पांच मरीजों की मौत हुई।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 5,08,41,286 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 23,46,692 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण चल रहा है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 12.41 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 12.41 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 27.33 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.99 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.44 लाख लोगों की मौत हुई है।
वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.21 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 2.99 लाख मरीजों की मौत हुई है
संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है।