कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 8,439 नए संक्रमित, 195 ने तोड़ा दम
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 8,439 नए मामले सामने आए और 195 मरीजों की मौत दर्ज हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,46,56,822 हो गई है। इनमें से 4,73,952 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 93,733 रह गई है।
देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के भी 23 मामले सामने आ चुके हैं और इसके कारण तीसरी लहर आने की आशंका जताई जा रही है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 9,525 मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 9,525 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,40,89,137 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.36 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,13,130 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 65.07 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,39,995 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,194 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 51,73,854 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 41,902 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 29,98,699 मामलों और 38,243 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,31,945 मामलों और 36,549 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 699 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 19 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह केरल में 4,656 लोगों को संक्रमित पाया गया और 134 मरीजों की मौत दर्ज हुई। यहां बीते कई हफ्तों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।
कर्नाटक में 299 मामले सामने आए और छह मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 710 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 10 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,29,54,19,975 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 73,62,000 खुराकें लगाई गईं। 50 प्रतिशत से अधिक आबादी को दोनों खुराकें लग चुकी हैं।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 26.71 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 26.71 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 52.71 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 4.94 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 7.92 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.22 करोड़ संक्रमितों में से 6.16 लाख मरीजों की मौत हुई है।