कोरोना वायरस: देश में 1 लाख से नीचे आए दैनिक मामले, बीते दिन मिले 83,876 संक्रमित
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 83,876 नए मामले सामने आए और 895 मरीजों की मौत हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,22,72,014 हो गई है। इनमें से 5,02,874 लोगों की मौत हुई है।
सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 11,08,938 हो गई है। सक्रिय मामलों में लगातार 13वें दिन गिरावट आई है।
ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण देश तीसरी लहर का सामना कर रहा है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 1.99 लाख मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 1,99,054 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,06,60,202 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 96.19 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,56,363 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 74.16 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 78,03,700 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,43,074 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 62,71,383 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 58,255 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 38,96,158 मामलों और 39,347 मौतों के साथ कर्नाटक और 34,10,882 मामलों और 37,759 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 9,666 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 66 मरीजों की मौत हुई। यहां तीसरी लहर कमजोर पड़ रही है।
केरल में 26,729 लोगों को संक्रमित पाया गया और 515 मरीजों की मौत हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं।
कर्नाटक में 8,425 मामले सामने आए और 47 मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 6,120 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 26 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,69,63,80,755 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 14,70,053 खुराकें लगाई गईं। देश में 15 साल से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 39.48 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक 39.48 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 57.39 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 7.65 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 9.03 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.65 करोड़ संक्रमितों में से 6.32 लाख मरीजों की मौत हुई है।