Page Loader
महाराष्ट्र में भी HMPV की दस्तक, नागपुर में 2 बड़े बच्चों में वायरस की पुष्टि
महाराष्ट्र के नागपुर में HMPV के 2 मामले सामने आए (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्सल)

महाराष्ट्र में भी HMPV की दस्तक, नागपुर में 2 बड़े बच्चों में वायरस की पुष्टि

लेखन गजेंद्र
Jan 07, 2025
09:51 am

क्या है खबर?

ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) ने महाराष्ट्र में भी अपनी दस्तक दे दी। यहां के नागपुर में वायरस से पीड़ित 2 मरीज सामने आए हैं। खबरों के मुताबिक, एक मरीज 7 वर्षीय लड़का है, जबकि दूसरी मरीज 13 वर्षीय लड़की है। दोनों खांसी और बुखार से पीड़ित थे, जिसके बाद परिजनों ने निजी प्रयोगशाला में इनकी जांच कराई थी। जांच की रिपोर्ट में HMPV की पुष्टि हुई है। हालांकि, दोनों ठीक हैं और उनको अस्पताल में भर्ती नहीं कराना पड़ा।

वायरस

अब तक इन राज्यों में मिल चुके हैं मामले

भारत के अलग-अलग राज्यों में अब तक HMPV के 7 मामले मिल चुके हैं और इससे लोग दहशत में हैं। वायरस से पीड़ित मरीजों का इलाज जारी है। अभी तक तमिलनाडु में HMPV के 2 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा, कर्नाटक और गुजरात के 3 शिशुओं में वायरस की पुष्टि हुई है। कर्नाटक के दोनों शिशुओं को इलाज के बाद छुट्टी मिल चुकी है। उनकी निगरानी की जा रही है।

संदेश

केंद्र सरकार ने कहा, घबराए नहीं

HMPV वायरस पर देशवासियों की चिंता को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से चिंता न करने को कहा है। उन्होंने कहा, "स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि HMPV कोई नया वायरस नहीं। इसकी पहली बार पहचान 2001 में हुई थी और यह कई वर्षों से पूरी दुनिया में फैल रहा है। HMPV सांस के जरिए हवा के माध्यम से फैलता है। चिंता का कोई कारण नहीं है।"