LOADING...
फरवरी में गर्मी ने तोड़ा 125 सालों का रिकॉर्ड, IMD ने जारी की चेतावनी
भारत में फरवरी में गर्मी ने तोड़ा 125 सालों का रिकॉर्ड

फरवरी में गर्मी ने तोड़ा 125 सालों का रिकॉर्ड, IMD ने जारी की चेतावनी

Mar 01, 2025
01:49 pm

क्या है खबर?

देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी ने दस्तक दे दी है। फरवरी महीने में गर्मी ने पिछले 125 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मुंबई में तापमान 37 डिग्री पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस साल सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेने की चेतावनी जारी की है। बड़ी बात यह है कि 1901 के बाद जब से देश में मौसम का रिकॉर्ड रखने की शुरुआत हुई, उसके बाद फरवरी 2025 देश में सबसे गर्म दर्ज किया गया है।

चेतावनी

मौसम विभाग ने क्या जारी की चेतावनी?

मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि देश के ज्यादातर हिस्सों में मार्च से मई तक सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना है। IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक डीएस पाई ने मई तक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। हालांकि, उन्होंने दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद जताई है।

जानकारी

फरवरी में कितना रहा औसत तापमान?

मार्च के अधिक गर्म रहने का अनुमान इसलिए लगाया गया है क्योंकि देश में 1901 के बाद सबसे गर्म फरवरी रही है। इस दौरान औसत तापमान 22.04 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य 20.70 डिग्री से 1.34 डिग्री अधिक है। यह चिंता की बात है।

परेशानी

किसानों को होगी परेशानी

समय से पहले गर्मी और मार्च में सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान किसानों के लिए परेशानी भरा है। इससे गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है। हालांकि, IMD का कहना है कि देश में उगाए जाने वाले लगभग 60 प्रतिशत गेहूं की किस्म गर्मी प्रतिरोधी है। ऐसे में अधिक गर्मी का गेहूं की फसल पर अधिक असर नहीं होगा, लेकिन सरसों की फसल प्रभावित हो सकती है। इसी तरह, मौसमी बीमारियों का भी खतरा रहेगा।