Page Loader
हरियाणा: महिला कांग्रेस कार्यकर्ता का शव सूटकेस में मिलने के बाद 1 गिरफ्तारी, कौन है व्यक्ति?
हरियाणा की महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के मामले में गिरफ्तारी (फाइल तस्वीर)

हरियाणा: महिला कांग्रेस कार्यकर्ता का शव सूटकेस में मिलने के बाद 1 गिरफ्तारी, कौन है व्यक्ति?

लेखन गजेंद्र
Mar 03, 2025
09:33 am

क्या है खबर?

हरियाणा में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल (22) का शव सूटकेस में मिलने के 2 दिन बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि पकड़ा गया आरोपी सचिन हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला है और हिमानी के साथ एक रिश्ते में था। पुलिस ने रविवार रात को शक के आधार पर दिल्ली से 2 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनसे पूछताछ के बाद एक को गिरफ्तार किया गया है।

जांच

हिमानी कर रह रही थी ब्लैकमेल?

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि हिमानी कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल कर रही थी और कई लाख रुपये ऐंठ चुकी थी। सचिन के पास से हिमानी का मोबाइल औऱ आभूषण भी मिले हैं। पुलिस के सूत्रों का कहना है कि जिस सूटकेस में हिमानी का शव मिला, वह भी उसी का था और हिमानी की हत्या भी उसी के घर पर हुई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मांग

परिवार आज करेगा अंतिम संस्कार

हिमानी के परिवार ने आरोपी के गिरफ्तार होने तक अंतिम संस्कार से मना कर दिया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद संभावना है कि सोमवार को अंतिम संस्कार हो। हिमानी का शव रोहतक के मोर्चरी में रखा है। उसके भाई का कहना है कि आरोपियों के नाम सामने आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि काफी अफवाह फैलाई जा रही है, परिवार को न्याय चाहिए। उन्होंने आरोपी के लिए मौत की सजा मांगी है।

घटना

क्या है हिमानी की हत्या का मामला?

विजयनगर कॉलोनी की रहने वाली हिमानी का शव सूटकेस के अंदर शनिवार 1 मार्च को सांपला बस स्टैंड के पास फ्लाईओवर के निकट झाड़ियों में मिला था। राहगीरों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव की पहचान न होने पर उसे पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया। इसके बाद युवती का परिवार पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचा, लेकिन शव लेने से इंकार कर दिया। हरियाणा पुलिस ने मामले में विशेष जांच दल (SIT) गठित की है।

जानकारी

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं हिमानी

हिमानी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं। राहुल, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुडा और रोहतक की विधायक बीबी बत्रा के साथ उनकी कई तस्वीरों को सोशल मीडिया पर भी साझा की गई थी।

ट्विटर पोस्ट

हिमानी की मां का बयान