
हरियाणा के सोनीपत में भाजपा नेता की हत्या, जमीन विवाद में पड़ोसी ने मारी गोलियां
क्या है खबर?
हरियाणा के सोनीपत में भाजपा नेता सुरेंद्र जवाहर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सुरेंद्र को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का करीबी माना जाता है और वे भाजपा के मुंडलाना मंडल के अध्यक्ष थे।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र के पड़ोसी मनु ने ही जमीन विवाद में उनकी हत्या की है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद
जमीन को लेकर क्या था विवाद?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरेंद्र ने पड़ोसी मनु की बुआ से 3 बीघा जमीन खरीदी थी। इसके लिए मनु को 5 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन मनु जमीन सुरेंद्र के नाम नहीं कर रहा था।
इस बात को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में भी विचाराधीन था।
इस बीच सुरेंद्र ने जमीन पर बुवाई कर दी थी, जिसके बाद मनु ने उसे जमीन पर पैर नहीं रकने की चेतावनी दी थी।
पुलिस
घटना के बारे में पुलिस ने क्या बताया?
ACP ऋषिकांत ने बताया, "मामले में सुरेंद्र की पत्नी कोमल के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के लिए 3 टीम लगाई गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।"
वहीं, सुरेंद्र का सरपंची को लेकर भी कृष्ण नामक युवक से भी विवाद चल रहा था। हत्या की वारदात को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है।