Loading...
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया उड़ान की जयपुर में आपातकालीन लैंडिंग, अपहरण की आशंका
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया उड़ान की जयपुर में आपातकालीन लैंडिंग

फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया उड़ान की जयपुर में आपातकालीन लैंडिंग, अपहरण की आशंका

लेखन गजेंद्र
Oct 14, 2026
12:15 pm

क्या है खबर?

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को बुधवार को राजस्थान के जयपुर हवाई अड्डे पर आपातकालीन परिस्थितियों में उतारा गया। विमान के पायलट ने अपहरण की आशंका जताई थी, जिसके बाद अहमदाबाद वायु यातायात नियंत्रण को सूचना दी गई। बाद में उड़ान AI-2030 जयपुर में सुरक्षित उतर गई। विमान को आइसोलेशन-बे में खड़ा किया गया है। दोनों पायलटों को सुरक्षित उतार लिया गया है और सभी यात्रियों की सुरक्षा जांच चल रही है।

अपहरण

पायलट ने भेजा था 7500 कोड

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान जैसे ही भारतीय हवाई क्षेत्र के करीब पहुंचा, तो पायलट ने कुछ सेकंड के लिए 7500 कोड प्रसारित किया।

यह कोड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विमान अपहरण या विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देने के लिए किया जाता है। कोड मिलते ही सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया और विमान को दिल्ली की जगह जयपुर भेजने का फैसला लिया गया।

विमान सुबह करीब 9:45 बजे हवाई अड्डे पर उतरा था।

जांच

विमान की चल रही है जांच

विमान के उतरने पर आतंकवाद विरोधी दस्ता (ATS), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और स्थानीय पुलिस की टीम ने कैबिन की जांच की।

दिल्ली में तैनात राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीम को भी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। अभी तक किसी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी नहीं मिली है।

पहले खबर आई थी कि विमान को धमाके की धमकी मिली है, जिसके बाद आपातकालीन लैंडिंग हुई। हालांकि, बाद में संभावित अपहरण बताया गया।

ADVERTISEMENT