
उत्तराखंड के जंगलों में भीषण आग; सेना बुलाई गई, मुख्यमंत्री ने बुलाई बैठक
क्या है खबर?
उत्तराखंड के नैनीताल के जंगलों में लगी आग ने भीषण रूप धारण कर लिया है। जिला मुख्यालय के पास जंगलों में लगी आग की लपटें नैनीताल की हाई कोर्ट कॉलोनी तक जा पहुंची हैं।
बताया जा रहा है कि ये आग 4 दिन पहले लगी थी, जिस पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है।
अब सेना को आग बुझाने के काम में लगाया गया है। वायुसेना के MI-17 हेलिकॉप्टर से आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।
घटनाएं
आग लगने की 31 बड़ी घटनाएं सामने आईं
दैनिक भास्कर के मुताबिक, 26 अप्रैल को उत्तराखंड में आग लगने की 31 बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। गढ़वाल मंडल के चमोली, रुद्रप्रयाग उत्तरकाशी, पौड़ी और टिहरी के जंगल सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। यहां चीड़ के पेड़ होने और पानी की उपलब्धता में कठिनाई के चलते आग बुझाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कुमाऊं मंडल के नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
गिरफ्तारी
3 लोग गिरफ्तार किए गए
पुलिस ने रुद्रप्रयाग से 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो जंगल में आग लगा रहे थे। इनके नाम नरेश भट्ट, हेमंत सिंह और भगवती लाल बताए जा रहे हैं। फिलहाल तीनों को जेल भेज दिया गया है।
अभी तक आग लगाने के मामलों में पुलिस ने 19 मामले दर्ज किए हैं। रुद्रप्रयाग के प्रभागीय वन अधिकारी अभिमन्यु ने कहा कि जंगल की आग को रोकने के लिए गठित टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
बैठक
मुख्यमंत्री ने बुलाई बैठक
हालात की समीक्षा के लिए आज शाम 4 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में एक बैठक बुलाई है। धामी ने प्रशासन को अलर्ट रहने और जंगल की आग को रोकने के लिए उपाय करने को कहा है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, धामी ने कहा, "जंगल की आग हमारे लिए एक चुनौती है। यह एक बड़ी आग है। हम सभी जरूरतों के लिए काम कर रहे हैं। हमने सेना से मदद मांगी है।"
झील
नैनी झील में नौकायन पर रोक
आग के कारण नैनीताल में प्रशासन ने नैनी झील में नौकायन गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
नैनीताल नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी राहुल आनंद ने कहा, "हमें भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा आग बुझाने के लिए नैनीताल से पानी लेने की अनुमति मांगने की सूचना मिली है। व्यवस्था करने के लिए हमने झील में नौकायन को दिन भर के लिए बंद कर दिया है। नैनीताल में कई जगहों पर आग लगने की खबर है।"