CJP के सौरभ दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत 2 दिन बढ़ाई गई
क्या है खबर?
दिल्ली की मजिस्ट्रेट कोर्ट ने जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत 2 दिन बढ़ा दी है। दोनों अभी तिहाड़ जेल में हैं। सोमवार को उनकी 5 दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद उन्हें मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में पेश किया गया था। पुलिस का कहना है कि रिहा होने के बाद ये दोनों 'शांति और व्यवस्था' को भंग करेंगे।
हिरासत
पुलिस ने मांगी थी 5 दिन की हिरासत
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट के सामने 5 दिन की हिरासत मांगी थी। हालांकि, कोर्ट ने 5 की जगह केवल 2 दिन की हिरासत बढ़ाई है।
CJP की कानूनी टीम ने दोनों की रिहाई के लिए जमानतदारों के नाम दर्ज करा दिए हैं और उनकी रिहाई की मांग की है।
CJP ने अधिकारियों पर दास और रांका की गिरफ्तारी को अवैध बताया और अदालती कार्यवाही में देरी करके जानबूझकर लंबा खींचने का आरोप लगाया है।
हिरासत
13 अक्टूबर को गिरफ्तार हुए थे दोनों
दास और रांका अपने 11 साथियों के साथ 13 अक्टूबर की सुबह एक निजी परिसर के रास्ते जंतर-मंतर पहुंचे और तिरंगा लहराया था।
केंद्र सरकार द्वारा जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध स्थलों की सूची से हटाने के बाद यहां किसी प्रकार के प्रदर्शन पर रोक लगी हुई थी, जिसके कारण सभी को हिरासत में ले लिया गया।
कोर्ट ने दास और रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि अन्य साथियों को शर्तों के साथ जमानत दे दी।