दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस की 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली को दी मंजूरी
क्या है खबर?
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कांग्रेस को आगामी 1 नवंबर को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक विशाल रैली आयोजित करने की अनुमति दे दी है और इसके लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी जारी कर दिया है। विपक्षी INDIA गठबंधन की यह रैली मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विवाद और चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बजाय मतपत्रों से कराने की मांग को लेकर एक साझा राष्ट्रव्यापी आंदोलन का हिस्सा है।
निर्णय
कांग्रेस ने 30 सितंबर को दिया था कार्य योजना को अंतिम रूप
INDIA गठबंधन ने 30 सितंबर को SIR विवाद पर एक संयुक्त कार्य योजना को अंतिम रूप दिया था, जिसमें रैलियां और 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' करना शामिल थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उस दौरान कहा था कि सभी दल इस बात पर सहमत हैं कि चुनाव EVM के बजाय मतपत्रों से होने चाहिए।
इसके बाद खड़गे ने कहा कि पार्टी 1 नवंबर को दिल्ली में एक विशाल रैली का आयोजन करेगी, जिसकी उन्होंने पुलिस से अनुमति मांगी थी।
अनुमति
पुलिस ने अनुमति को लेकर क्या कहा?
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि कांग्रेस ने 1 नंवबर की रैली के लिए आवश्यक NOC के लिए दिल्ली पुलिस से संपर्क किया था, जिसे अब मंजूर कर लिया गया है।
यह NOC 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक के लिए जारी की गई। इस मेगा रैली के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों, ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है।
जानकारी
ट्रैफिक और कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी
DCP सिंह ने बताया कि रैली के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इससे राजधानी के लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से बचने में मदद मिलेगी।
विवाद
क्या है इस विवाद का कारण?
यह राजनीतिक भूचाल तब आया जब मीडिया रिपोर्ट्स में खुलासा हुआ कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार रिकॉर्ड पर दर्ज कर SIR से जुड़े फैसलों पर कड़ा ऐतराज जताया था।
उनका आरोप था कि ये आदेश उनकी जानकारी या सिफारिश के बिना जारी किए गए। इसके बाद से ही कांग्रेस, विपक्षी दल और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।