CJP प्रदर्शन: पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल और पिनरई विजयन हिरासत में लिए गए
क्या है खबर?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल हुई पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 5 सांसदों को भी पुलिस वैन में बिठाकर किसी अज्ञात जगह ले जा रही है। इनमें सांसद डेरेक ओ'ब्रायन, डोला सेन, प्रतिमा मंडल, समीरुल इस्लाम और साकेत गोखले शामिल हैं। वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में लिया गया है।
केरलम
केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री विजयन भी हिरासत में लिए गए
पुलिस ने केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन को भी हिरासत में ले लिया है। वे भी CJP के प्रदर्शन को समर्थन देते हुए जंतर मंतर की ओर जा रहे थे।
उनके साथ CPI(M) के कई और सांसदों को भी हिरासत में लिया गया है। इनमें CPI(M) महासचिव एमए बेबी, एमवी गोविंदन मास्टर, ए विजयराघवन केके शैलजा, सांसद जॉन ब्रिटास, बृंदा करात और पीके श्रीमती शामिल हैं।
जॉन ब्रिटास ने कहा, "भाजपा सरकार ने दिल्ली को पंगु बना दिया है।"
अन्य नेता
ये लोग भी हिरासत में लिए गए
पुलिस ने योगेंद्र यादव और AISA कार्यकर्ता नेहा बोरा को भी हिरासत में लिया है।
आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को चंडीगढ़ में हिरासत में लिया गया है।
यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी पुलिस ने उनके गुरुग्राम स्थित घर से उठा लिया है।
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंंत्री माणिक सरकार को भी हिरासत में लिया गया है।
मुंबई में महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को हिरासत में लिया गया है।
दिपके
दिपके को विमान से उतरने से पहले ही पकड़ा
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अभिजीत दिपके मुंबई से दिल्ली आ रहे थे। जैसे ही उनका विमान दिल्ली में लैंड हुआ, पुलिसकर्मी विमान के भीतर पहुंच गए। दिपके को पहले समझाया गया और नहीं मानने पर हिरासत में ले लिया गया।
उनके साथ CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरभ दास को भी हिरासत में ले लिया गया।
तीनों को अलग-अलग जगहों पर रखा गया है।
इस दौरान हवाई अड्डे पर भारी संख्या में बल तैनात किया गया था।
घायल
प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़े, कुछ जगह पत्थरबाजी भी
कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग को तोड़ने और उस पर चढ़ने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने सभी को खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी चोटिल भी हुए।
वहीं, कनॉट प्लेस और रेस कोर्स रोड के पास पुलिस पर पत्थरबाजी हुई। कनॉट प्लेस पर 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने यहां 50 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर बजरंग जाधव भी घायल हुए।